चंदौली : उत्तर प्रदेश में छात्रों को मिले मुफ्त लैपटॉप के बदले सुविधा शुल्क वसूलने का एक मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि श्री सच्चा अध्यात्म संस्कृत महाविद्यालय का प्राचार्य मुफ्त लैपटॉप के बदले ढाई हजार रुपए की वसूली कर रहा था. इस बात का खुलासा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अमित सिंह ने एक स्टिंग ऑपरेशन के जरिए किया. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने विद्यालय के प्राचार्य विनय शुक्ला और एक कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज कर प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कर्मचारी फरार है.
डीएम के निर्देश पर इस पूरे मामले की जांच एसडीएम ने की. श्री सच्चा अध्यात्म संस्कृत महाविद्यालय में 48 छात्रों को देने के लिए लैपटॉप आए थे. इसके वितरण के एवज में प्रति लैपटॉप ढाई हजार रुपए छात्रों से वसूले जा रहे थे. इस बात का पता चलने पर आम आदमी पार्टी के अमित सिंह ने महाविद्यालय के एक कर्मचारी से बात की, तो उसने ये कहते हुए कि प्रति लैपटॉप इन ढाई हजार रुपए में से कई लोगों को ऊपर से नीचे तक देना है.
इस पर वे प्राचार्य के पास पहुंचे. प्राचार्य ने भी कर्मचारी द्वारा रुपए लेने की बात को सही ठहराया. जिस पर कार्यकर्ता अमित ने इसकी वीडियो रिकार्डिंग कर ली और उसकी सीडी अपने दिल्ली कार्यालय को भेज दी. दिल्ली कार्यालय के नेताओं ने इस संबंध में डीएम से बात की. जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए एसडीएम को जांच के आदेश देकर दो दिनों में रिपोर्ट देने को कहा. डीएम के निर्देश पर पुलिस बुधवार की सुबह दस बजे विनय शुक्ला से पूछताछ की. पूछताछ करने के बाद प्राचार्य और उनके कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, इसके बाद प्राचार्य को अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया, जबकि कर्मचारी पुलिस पकड़ से बाहर है.
चंदौली से संतोष जायसवाल की रिपोर्ट.






