नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के साकेत क्षेत्र में रहने वाले पत्रकार नाराज हैं। दरअसल ये पत्रकार जिस कॉलोनी में रहते हैं उसे जोड़ने वाली सड़क का नाम प्रेस एनक्लेव मार्ग से बदलकर पंडित त्रिलोक चंद शर्मा रोड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को बुधवार को सौंपे गए एक ज्ञापन में कहा गया है, ''यह हमारी कल्पना से परे की बात है कि आप सड़कों के बरसों पुराने व स्वीकृत नाम बदल रहे हैं।'' ज्ञापन में इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया गया है कि दशकों से जिस सड़क का नाम प्रेस एनक्लेव मार्ग प्रचलित रहा है, उसे अचानक बिना कोई नोटिस जारी किए बदल दिया गया। प्रेस एसोसिएशन कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसायटी ने ज्ञापन में कहा है कि यह बदलाव अनुचित है।
सोसायटी के अध्यक्ष सोम सप्रू ने दीक्षित से कहा, ''हम त्रिलोक चंद शर्मा के खिलाफ नहीं है लेकिन नाम परिवर्तन अन्याय है।'' प्रेस एनक्लेव दिल्ली में शुरू पहला सहकारी समूह आवास समाज है। साकेत में स्थित इस परिसर को इसके अनोखे वास्तु डिजाइन के लिए जाना जाता है। इसमें कई राष्ट्रीय दैनिकों, पत्रिकाओं व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्यरत पत्रकार समुदाय के लोगों के आवास हैं। ज्ञापन में कहा गया है, ''तत्कालीन शहरी विकास मंत्री द्वारा इस सड़क को प्रेस एनक्लेव नाम दिया जाना पूरी तरह से सही था।'' सप्रू ने कहा, ''दीक्षित ने वादा किया है कि वह इस मामले को देखेंगी।'' एजेंसी





