ममता बनर्जी के कार्टून्स पोस्ट करने पर पश्चिम बंगाल के एक प्रोफ़ेसर की प्रताड़ना के विरोध में सेव योर वॉयस की ओर से इंटरनेट यूज़र्स ने 15 अप्रैल दिन रविवार को इण्डिया गेट पर शाम पांच बजे इकट्ठे होकर कार्टून्स बनाये. एसवाईवी के सदस्यों ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल के प्रोफ़ेसर अम्बिकेश महापात्रा को ममता बनर्जी के कार्टून्स बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और प्रताड़ित किया गया, इसे हम अभिव्यक्ति की आज़ादी पर एक और हमले के रूप में देखते हैं.
जैसे गांधी जी ने नमक क़ानून का विरोध दांडी में नमक बनाकर किया था वैसे ही कार्टून्स पर पाबंदी लगाने का विरोध इंडिया गेट पर कार्टून्स बनाकर किया गया. पिछले काफी समय से सेव योर वॉयस अभियान इंटरनेट सेंसरशिप के सरकारी प्रयासों के खिलाफ आवाज़ उठाता रहा है. केंद्र सरकार पहले ही इंटरनेट की आजादी पर अंकुश लगाने के प्रयास कर रही है और अब राज्य सरकारें भी उसी रस्ते पर चलती नज़र आ रही हैं. इंटरनेट यूज़र्स ने इंडिया गेट पर कार्टून्स बनाकर ये सन्देश दिया कि हमारी अभिव्यक्ति की आज़ादी को कुचलना इतना आसान नहीं है.







