चुनाव आयोग के दिशा निर्देशन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ मीडिया भी पारदर्शिता में अहम भूमिका रखता है, पर जिला फिरोजाबाद का सूचना अधिकारी सहयोग तो दूर की बात मीडियाकर्मियों के साथ अभद्र व अशोभनीय व्यवहार पर उतर आता है। यह कितनी शर्मनाक बात है। ए टू जेड चैनल के स्ट्रिंगर राजकुमार ने मुख्य चुनाव अधिकारी लखनऊ, राष्ट्रीय चुनाव आयोग दिल्ली सहित जिलाधिकारी/चुनाव अधिकारी फिरोजाबाद को भी इस तथ्य से अवगत कराते हुए बताया कि यह अधिकारी विगत आठ वर्षों से यहां तैनात है। चुनाव आयोग को यह सूचना 2 फरवरी 2012 को दी जा चुकी है परन्तु आयोग द्वारा कोई कदम न उठाना, आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
राजकुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्हें यह भी ज्ञात हुआ है कि यह सूचनाधिकारी सुविधा शुल्क वसूल कर अमान्य पत्रकारों को पास जारी कर देता है। जनपद में होने वाले कार्यक्रमों से मीडिया को अवगत कराना सूचनाधिकारी का कार्य होता है परन्तु इस कार्य को भी जनपद के जिलाधिकारी द्वारा कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजकुमार के साथ जिले के कई पत्रकार सूचनाधिकारी के अलोकतांत्रिक एवं भ्रष्ट रवैये से परेशान हैं। इन लोगों ने सूचनाधिकारी के खिलाफ न्यायसंगत कार्रवाई किए जाने की मांग की है।








