राजकोट में नगर पुलिस आयुक्त गीता जौहरी का एक फोटोग्राफर को थप्पड़ मारने एवं तीन मीडियाकर्मियों के खिलाफ 4 जनवरी को मामला दर्ज कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. राजकोट जिला मीडिया एसोसिएशन ने इस मामले में जोरदार तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है. पत्रकारों का समूह राजकोट के पुलिस कमिश्नर से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा तथा नगर आयुक्त की कार्रवाई को मीडिया का गला घोंटने का प्रयास बताया.
बीते तीस दिसम्बर को सिटी क्लब में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. नव वर्ष के पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पुलिस आयुक्त समेत तमाम मीडियाकर्मी और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया था. इस पार्टी में पुलिस नगर आयुक्त गीता जौहरी ठुमके लगा रही थीं, जिसकी तस्वीर एक फोटोग्राफर ने खींची. गीता जौहरी उक्त फोटोग्राफर को मना करने के साथ ही एक जोरदार थप्पड़ जमा दिया. बाद में उनकी नृत्य वाली तस्वीर दो समाचार पत्रों में प्रकाशित भी हुई.
तस्वीरें प्रकाशित होने से खफा गीता जौहरी ने अखबार के संपादक काना बात्वा, रिपोर्टर अनिरुद्ध नाकुम तथा फोटोग्राफर प्रकाश रवरानी के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया. इसी का विरोध राजकोट का पत्रकार समुदाय कर रहा है. पत्रकारों ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर गीता जौहरी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है. पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि अगर मीडियाकर्मियों पर दायर किया गया मुकदमा वापस नहीं लिया जाता है तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.






