उदयपुर : पीछोला झील स्थित मांजी का मन्दिर घाट पर फोटो जर्नलिस्ट विष्णु पालीवाल की हिम्मत तथा दिलेरी ने डूबते व्यक्ति की जान बचा ली। उन्होंने पानी में कूदकर अकेले पीडित को बाहर ले आए। भट्टियानी चौहट्टा निवासी अरविन्द मेहता घाट पर बुधवार सुबह क्रिया-कर्म करवा रहे थे। तभी अचानक उन पैर फिसल गया तथा वे पानी में गिर गए। तैरने नहीं आने के कारण वे गहराई में चले गए।
इस हादसे को देखकर वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद फोटो जर्नलिस्ट पालीवाल ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी तथा उन्हें निकाल कर बाहर ले आए। इस दौरान पालीवाल को काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर विष्णु को दस से बारह सेकेंड की भी देरी हो जाती तो अरविंद मेहता की जान बचाना मुश्किल हो जाता, क्योंकि वो काफी गहराई में चले गए थे। विष्णु के इस सराहनीय कार्य की सभी ने तारीफ की। वे उदयपुर में फोटो जर्नलिस्ट हैं।






