पचिश्मी कजाकिस्तान में दंगों की घटनाओं को कवर करने पहुंचे तीन रुसी पत्रकार मुश्किल में फंस गए. हथियारों से लैस लोगों के दल ने तीनों पत्रकारों को बिना किसी कारण हिरासत में ले लिया. हालांकि बाद में उनको रिहा कर दिया गया. रुस के कोमरसेंट बिजनेस डेली ने अपनी बेवसाइट में इसकी जानकारी दी है. समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक बिजनेस डेली ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि कजाकिस्तान के जानाओजेन में तीन रुसी पत्रकारों को बिना कोई कारण बताए हिरासत में ले लिया गया.
रिपोर्ट के अनुसार इसमें कोमरसेंट के विशेष संवाददाता ब्लादिमीर सोलोवयोव, फोटो संवाददाता वासिली शावोश्निकोव व लेंटा-रु के संवाददाता इलिया अजार शामिल हैं. हिरासत में लेने के दौरान तीनों लोगों की निजी वस्तुएं जब्त कर ली गईं. हालांकि पत्रकारों को चार घंटे तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया गया. कोमरसेंट के प्रधान संपादक मिखाइल मिखाइलिन ने कहा कि कजाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री कलमुखानबेट कैसीमोव ने निजी दिलचस्पी लेकर पत्रकारों को रिहा करवाया.





