बंसल न्यूज में इस्तीफों का दौर जारी है. अच्छे खिलाड़ियों के आउट होते ही अब छोटे विकेट भी धीरे-धीरे गिरने लगे हैं. बंसल न्यूज में एमसीआर विभाग के ललित ने इस्तीफा दे दिया है. वे अपनी नई पारी आईबीसी24 से शुरू कर रहे हैं. इसके साथ ही कुछ ही दिन पहले आईबीसी24 से बंसल न्यूज इंटरटेंनमेंट डेस्क पर आईं पूजा ने भी संस्था को नमस्ते कह दिया है. इनके बारे में खबर है कि इन्होंने संभवत दोबारा आईबीसी24 ज्वाइन कर लिया है. इसके साथ ही बंसल के मोहित ने भी इस्तीफा देकर आईबीसी24 ज्वाइन कर लिया है.
आउटपुट डेस्क पर काम करने वाले मनीष तिवारी ने भी बंसल न्यूज छोड़ दिया है. कुल मिलाकर बंसल न्यूज की टीम पूरी तरह टूट गई है. डेस्क पर काम करने वाले लोग बचे नहीं ऐसे में आईबीसी24 में लगातार चल रहे इंटरव्यू तथा राज समूह के चैनल की अगले महीने होने वाली लॉन्चिंग और मध्यप्रदेश से आने वाले कई और चैनलों से बंसल को नुकसान हो सकता है. गोयल ग्रुप के चैनल आईबीसी24 से लोगों के जाने का सिलसिला भी जारी है. हालाकि आईबीसी24 बंसल न्यूज के लोगों को भरकर इसकी भरपाई कर रहा है. आईबीसी से बीपी मनीष शिन्डे, सत्यप्रकाश, राजकिशोर और प्रभात ने इस्तीफा दे दिया है. इनमें सत्यप्रकाश इंडिया न्यूज में रायपुर के संवाददाता बन गए हैं. बाकी सभी जी न्यूज के मध्यप्रदेश छ्तीसगढ़ चैनल में गए हैं.






