: चार दिनों से नहीं जा रहे हैं कार्यालय : रिकार्डिंग में नहीं दिखा कोई प्रत्याशी : अपने बच्चे का जन्म दिन मनाने के प्रकरण में कार्यालयी राजनीति में फंसे अमर उजाला, मेरठ के सिटी चीफ ज्ञान प्रकाश के बारे में खबर है कि वो पिछले तीन-चार दिनों से कार्यालय नहीं जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस मामले में उनकी नोएडा में मैनेजमेंट के सामने पेशी भी हो चुकी है. सूत्रों का कहना है कि मैनेजमेंट ने पूरे मामले को संज्ञान में लेने के बाद उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय न होने देने की बात कही है. बताया जा रहा है कि इस प्रकरण को इतना तूल देने में कार्यालय के ही लोगों का हाथ है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ज्ञान प्रकाश के बच्चे का जन्म दिन था. उन्होंने अपने घर पर पार्टी रखी थी. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने आसपास रहने वाले परिचितों तथा परिजनों को इसमें इनवाइट किया था. इस बीच खबर फैली की कुछ दलों के प्रत्याशी भी उनके घर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि जांच के बाद यह बात अफवाह साबित हुई. प्रबंधन ने बाकायदा पूरे पार्टी की रिकार्डिंग तलब किया तथा उसको देखा. ज्ञान प्रकाश को इस मामले में नोएडा भी तलब किया गया था. सूत्र बताते हैं कि प्रबंधन पूरे मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें क्लीन चिट देने की तैयारी कर रखी है.
इधर, इस मामले में खबर है कि यह पूरा मामला ईस्ट-वेस्ट पत्रकारिता के मुद्दे से जुड़ा हुआ है. बताया जा रहा है कि एक पूर्व सिटी चीफ रह चुके पत्रकार ने इस पूरे मामले की व्यूह रचना की थी. बताया जा रहा है कि इसकी प्लानिंग इतनी जबर्दस्त थी कि प्रबंधन भी उसके झांसे में आ गया. अमर उजाला के कार्यालय में सबको पता है कि वर्तमान सिटी चीफ और पूर्व सिटी चीफ के बीच छत्तीस का आंकड़ा है. इसने ही प्रत्याशियों के बर्थडे पार्टी में जाने की खबर प्लांट करवाई. अपने खास लोगों के माध्यम से यह खबर उसने ऊपर से लेकर नीचे तक फैला दी. इसके बाद ही प्रबंधन ने ज्ञान प्रकाश को तलब किया.
बताया जा रहा है कि ज्ञान प्रकाश फिलहाल बीमार होने की वजह से कार्यालय नहीं जा रहे हैं. पर सूत्र बताते हैं कि वह अपने पर लगे निराधार आरोपों से इतने परेशान हैं कि वो कार्यालय आने में असहज महसूस कर रहे हैं. हालांकि प्रबंधन ने उनसे ना आने जैसा कोई फरमान नहीं सुनाया है, पर वे इतने परेशान हैं कि चार दिनों से कार्यालय नहीं गए हैं. बताया जा रहा है कि नोएडा प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच लगभग पूरी कर ली है. यहां भी बर्थ डे पार्टी की पूरी रिकार्डिंग देखे जाने की खबर है. सूत्र बताते हैं कि पूरी रिकार्डिंग में चुनाव लड़ने वाला एक भी प्रत्याशी नजर नहीं आ रहा है, जिसके चलते प्रबंधन ने इस मामले का पटाक्षेप करने का निर्णय लिया है. वहीं बताया जा रहा है कि पूर्व में सिटी चीफ रहे पत्रकार की भूमिका की जांच की जा रही है.






