: जार का प्रांतीय सम्मेलन आयोजित : बालोतरा। जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) का प्रांतीय सम्मेलन एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को औद्योगिक नगरी बालोतरा के अलतुलेश भांतगर हाऊस के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। सम्मेलन में प्रदेश सहित दिल्ली से आए पत्रकारों व साहित्यकारों ने पत्रकारों के हितों को लेकर चर्चा की। सम्मेलन का शुभारंभ पूर्व गृह राज्यमंत्री अमराराम चौधरी, नेशनल यूनियन ऑफ र्जनलिस्ट्स इंडिया के महासचिव रासबिहारी, जार प्रदेशाध्यक्ष ललित शर्मा, उपाध्यक्ष वेदप्रकाश, भवानीशंकर जोशी आदि अतिथियों ने मॉ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस मौके पर प्रदेश के कोने-कोने से आए पत्रकारों व साहित्यकारों को संबोधित करते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि आज के समय में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मीडिया ही जनता की आवाज को बुलंद कर उनके हक व अधिकारों की रक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर मीडिया न हो तो प्रजातंत्र नाम की कोई चीज ही नहीं रहेगी। चौधरी ने पत्रकारों से जनहित में कलम की ताकत झोंकने का आह्वान किया। दिल्ली से आए नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के महासचिव रास बिहारी ने कहा कि वर्तमान समय में जनहितों के रक्षक कहे जाने वाले पत्रकार स्वयं कई समस्याओं से झूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी पत्रकारिता व वर्तमान पत्रकारिता में बड़ा अंतर आ गया है। आज कोई भी अयोग्य पत्रकार बन जाता है, जिससे वास्तविक पत्रकारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास बिहारी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कोई सख्त कानून नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े मीडिया हाऊस में काम करने वाले पत्रकारों को न्यूनतम मजदूरी से भी कम तनख्वाह मिलती है। पत्रकार खुद शोषण का शिकार हो रहे हैं। जनहित के रक्षक पत्रकार स्वयं अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। रास बिहारी ने ताकतवर मीडिया कौंसिल के गठन की मांग करते हुए उपस्थित पत्रकारों से एकजुट होने का आह्वान किया।
जार के प्रदेशाध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में जार पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय हो रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे गांव-कस्बों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं से रूबरू होकर उनके निवारण के लिए संगठन तत्पर है। उन्होंने संगठन के प्रत्येक सदस्य से संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सम्मेलन के दोपहर कालीन सत्र में जार के पदाधिकारियों ने संगठन की प्रदेश स्तरीय व जिला स्तरीय कार्यकारिणी के गठन व चुनाव करवाने पर चर्चा की गई। सम्मेलन के बाद अतिथियों ने उपखंड के धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इससे पहले स्वागत भाषण प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भजनलाल विश्रोई एवं आभार जिलाध्यक्ष कैलाशपुरी गोस्वामी ने ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार लालचंद पुनित, वरिष्ठ पत्रकार देवीसिंह बडग़ुजर, जार के महासचिव भवानीशंकर जोशी सहित कई जनें मंचासीन थे। समारोह में पत्रकार गौतम रांका, प्रकाश सोनी, सतीश खींवसरा, प्रकाश सोनी सिवाना, मोहित दाधिच, इंद्रकुमार प्रजापत, अशोक माली, दलपतसिंह भाटी, वीराराम तीरगर, भैरूलाल प्रजापत, सोहनलाल माली, पंडित जितेंद्रकुमार दवे, अशोक सुंदेशा, मूलचंद सोनी सिणधरी, चिमनाराम धतरवाल, चेतन शर्मा सहित प्रदेश भर से आए जार के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। संचालन गुलाम रसूल टाक ने किया।





