यूपी में ला एंड आर्डर की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है. अब तो मीडिया वाले भी दहशत में आ गए हैं. कब कौन कहां लुट जाए, कुछ नहीं पता. ताजी सूचना के मुताबिक यूपी के बनारस और चंदौली जिले में दो पत्रकारों से लूट की वारदात हुई. वाराणसी में बदमाशों ने दैनिक जागरण के पत्रकार विजय सिंह के साथ मारपीट कर सोने की चेन, ब्रेसलेट, तीन अंगूठी व 25 हजार रुपये लूट लिए.
करीब तीन लाख रुपये का सामान बदमाशों ने लूटा है. विजय सिंह गाड़ी से थे. किसी का फोन आया तो वे गाड़ी रोक कर बात कर रहे थे. वहां पहले से खड़े दो बदमाशों ने गाड़ी के बंद शीशे खटखटा कर खोलने का इशारा किया. विजय ने जैसे ही शीशा खोला, बदमाशों ने कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और गले में पड़ी चेन झपट ली. फिर अंगूठी, ब्रेसलेट व जेब में मौजूद 25 हजार नकद भी निकलवा लिए. पिस्तौल से चेहरे पर वार भी किया. बदमाश भागने से पहले गाड़ी की चाभी व मोबाइल बैटरी भी निकाल ले गए.
उधर, चंदौली से सूचना है कि लुटेरों ने पी7न्यूज चैनल के स्ट्रिंगर को लूटा है. पत्रकार का कैमरा, माइक आईडी, पर्स भी ले उड़े. जिस दौरान ये वारदात हुई, उस समय क्राइम मीटिंग की तैयारी चल रही थी. यूपी में बढ़ रहे अपराध से पत्रकार भी अछूते नहीं रहे. चंदौली जिले के एसपी अपने मातहतो को बुला कर अपराध नियंत्रण के लिए क्राइम मीटिंग कर रहे थे तो दूसरी तरफ अपराधी क्राइम करने में मशगूल रहे.
बाइक सवार लुटेरो ने पी7न्यूज के स्ट्रिंगर विनय तिवारी को एनएच2 पर असलहा दिखा कर लूट लिया.विनय तिवारी चंदौली से खबर भेजने के बाद अपनी मोटर साइकिल से सैयदराजा स्थित अपने घर जा रहे थे. जैसे ही वे लीला पुर चेक पोस्ट के आगे बढ़े बाइक सवार दो अज्ञात लोगो ने उनसे सैयदराजा की दूरी पूछा. विनय जैसे अपनी बाइक धीमी किये, एक बदमाश ने उनके बाइक की चाभी घुमा कर आफ कर दिया और दूसरे ने कट्टा सटा कर उनसे उनका बैग छीन लिया और पर्स निकालने को कहा.
विनय ने अपना पर्स निकालकर उसके हाथ में रख दिया जिसके बाद वे लोग वहां से बड़े ही आसानी से निकल लिए. घटना से भयभीत विनय ने चंदौली कोतवाली पहुंच कर आप बीती बतायी और घटना के बाबत लिखित तहरीर दे दी है. विनय तिवारी ने यह भी बताया कि लुटेरे जिस बाइक पर सवार थे वो बिना नंबर की थी और उनका मोबाइल हेलमेट के भीतर रहने के कारण बच गया जिससे उन्होंने पुलिस को सूचना दी.





