बलिया से खबर है कि तीन दशक तक सरकार के सूचना तंत्र से जुड़ मीडिया की सेवा करने वाले जिला सूचना कार्यालय के संरक्षक सुभाष लाल शुक्रवार को सेवानिवृत हो गए. कार्यकाल के अंतिम दिन विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों ने सुभाष लाल के मंगलमय जीवन की कामना की तथा उन्हें भावभीनी विदाई दी.
शुक्रवार की शाम जिला सूचना विभाग के जनता मार्केट स्थित कार्यालय पर उन्हें विदाई दी गई. संक्षिप्त विदाई समारोह में प्रभारी सहायक निदेशक सूचना नरेंद्र विश्वकर्मा ने अंगवस्त्रम् देकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके कार्यकाल की उन्मुक्त स्वर से प्रशंसा की. इस दौरान रामकिशुन मिश्र ने श्री लाल को तोहफा दिया. इस अवसर पर मीडिया क्षेत्र से जुड़े दर्जनों लोग मौजूद थे.
उधर, हल्द्वानी से खबर है कि उत्तराखंड प्रदेश की संसदीय कार्यमंत्री डा. श्रीमती इन्दिरा हृदयेश ने बताया है कि कुमायू मंडल के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में स्थापित मीडिया सैन्टर को हाइटैक बनाने के लिए सरकार द्वारा 10 लाख की धनराशि स्वीकृति की गई है. इस धनराशि से हल्द्वानी के मीडिया सैन्टर को विधानसभा व सचिवालय में स्थापित मीडिया सैन्टरों की भांति तकनीकी तैार पर हाईटैक एवं आधुनिकतम बनाया जायेगा. उन्होंने बताया कि मीडिया सैन्टर में कम्प्यूटर, लैपटाप नैट की सुविधाओ के अलावा आधुनिकतम फर्नीचर स्थापित किये जायेंगे. मीडिया सैन्टर तकनीकी तौर पर दुरूस्त होने से इलेक्ट्रानिक मीडिया के लोग अपने समाचार एवं विजुवल अपने चैनल हैड को भेज सकेंगे, वही प्रिन्ट मीडिया के लोग भी अपने समाचार व फोटो अपने समाचार पत्रों को भेज सकेंगे. उन्होंने बताया हल्द्वानी के साथ ही मंडल भर के पत्रकारों से समन्वय की भूमिका में कार्य करेगा. डा. हृदयेश ने बताया कि इससे सरकारी योजनाओं के सतही एवं व्यापक प्रचार में गति मिलेगी वही पत्रकारों को समाचारों के त्वरित प्रेषण में भी सुविधा मिलेगी. मीडिया सैन्टर में सहायक निदेशक की तैनाती के साथ ही रिक्त सभी पदों पर कर्मचारियों की तैनाती हो गयी है. मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मीडिया सैन्टर का भव्य भवन भी हल्द्वानी में बनाया जायेगा. इस हेतु भूमि तलाशने के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है. जमीन की व्यवस्था होने के बाद भवन के स्टीमेट बनवाकर शासन से धनराशि आवंटित कराया जायेगा.






