यूपी के बस्ती जिले से खबर है कि मंडलीय कारागार में फायरिंग की खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को पुलिस ने कवरेज करने से रोक दिया. फायरिंग की खबर के तत्काल बाद दर्जनों की संख्या में मीडिया कर्मी मंडलीय कारागार के गेट पर पहुंचे. कारागार गेट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी और पुलिस के जवानों ने सख्ती बरतते हुए मीडियाकर्मियों को मौके पर जाने से रोक दिया. घंटा भर बाद मीडिया वालों को जेल से सौ मीटर तक जाने की अनुमति मिली.
करीब पौने छह बजे जैसे ही फायरिंग की खबर मिली, मीडियाकर्मी जेल की ओर दौड़ पड़े मगर यहां हाई सिक्यूरिटी की व्यवस्था थी. पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अंदर थे. वहां से गोलियों की आवाज सुनाई पड़ रही थी. मगर मीडियाकर्मियों को मौके पर जाने से पुलिस के जवानों ने सख्ती से रोक दिया. जेल के भीतर से गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज आने से सनसनी मची हुई थी लेकिन कवरेज करने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर मीडियाकर्मियों के हाथ बंधे हुए थे. मीडिया वालों के दबाव के बाद पुलिस के जवान मीडिया कर्मियों से गरमाने लगे. करीब घंटे भर की नोंकझोंक के बाद मीडिया कर्मियों को जाने का मौका मिला.






