कोलकाता। बांग्लादेश की मीडिया में भी शारदा घोटाले को प्रमुखता से जगह मिली है। ढाका से प्रकाशित होने वाले तमाम प्रमुख अखबारों व वहां से संचालित वेबसाइटों पर सुदीप्तों सेन की जालसाजी और उसके राजनीतिक संपर्कों पर कई स्टोरी प्रकाशित की गई है। शारदा समूह के हेराफेरी से पश्चिम बंगाल की सरकार भी हिली हुई है।
'द बांग्लादेश क्रानिकल' ने सुदीप्त सेन की कुणाल घोष के साथ वाली फोटो लगाकर लिखा है कि तारा टीवी के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे कोलकाता में पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि सुदीप्त सेन के स्वामित्व वाले तारा टीवी का प्रसारण बांग्लादेश में भी होता था। 'बीडी न्यूज 24 डाट काम' ने भी इसी आशय की खबर प्रकाशित की है।
'डान' ने 'नो कंपनसेशन फार डिस्ट्रेस' शीर्षक लेख में सुदीप्त सेन व उसकी चिटफंड कंपनी सारधा के बारे में बड़ी स्टोरी छापी है। इसमें उसके मीडिया व्यवसाय और सीबीआइ को लिखी चिट्ठी की भी चर्चा है। 'बांग्ला 71 डाट काम' ने भी तारा म्यूजिक के बंद होने की स्टोरी की है। चैनल के जीएम इंद्रजीत राय के हवाले से वेबसाइट ने लिखा है कि किन परिस्थितियों में सुदीप्त सेन के स्वामित्व वाले चैनलों को बंद किया गया। 'सनहाती डाट काम' ने 'द चिट फंड क्रायसिस, लूटिंग द पूअर विद पालिटिकल कनविंस' शीर्षक लेख में इस घोटाले की स्टोरी छापी है।






