भोगांव : बीती रात्रि बाइक सवार दो बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। नगर के मुहल्ला मुहम्मद सईद निवासी पत्रकार गुलजार अहमद गुरुवार की रात्रि लगभग 12:55 बजे मित्र भूरा पुत्र संतोष कुमार एवं गुलजार पुत्र जावेद के साथ बाइक से जीटी रोड पर स्थित गंगा ढ़ाबा से खाना खाकर वापस घर आ रहे थे।
पुरानी आलू मंडी के निकट आजाद टेंट हाउस के सामने पहुंचने पर सामने से आ रही एक बाइक पर सवार दो सशस्त्र बदमाशों ने गुलजार पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जिससे उसके बांये हाथ के कंधे के निकट एक गोली लग गई जिससे वह बाइक सहित गिर गया। बदमाश फायरिंग करते हुए बेवर की ओर भाग गए। घटना की रिपोर्ट घायल गुलजार के पिता अब्दुल जलील खां पुत्र रहमान खां के द्वारा कोतवाली में लिखाई है कि उसके पुत्र को जान से मारने की नियत से हमलावरों द्वारा फायरिंग की गई थी। घायल गुलजार को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। (जागरण)






