: आभूषण व असहले भी मिले : यूपी में चुनाव को लेकर चलाए जा रह चेकिंग अभियान में बाराबंकी से पुलिस ने एक करोड़ से ज्यादा नगदी और असलहा बरामद किया है. इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. बाराबंकी में गुरुवार की शाम से कई घंटे तक जिले के विभिन्न मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, इस दौरान पुलिस को एक करोड़ सैतीस लाख की नकदी लगभग दस किलो चांदी, कई असलहे मिले. पुलिस नकदी के साथ पकड़े गए लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
इस अभियान के तहत कोतवाली नगर क्षेत्र में नौ लाख अट्ठारह हज़ार, रामस्नेहीघाट में सत्तर लाख, सफ़दरगंज में उनतीस लाख पचास हज़ार, लोनीकटरा में आठ लाख तीस हज़ार, हैदरगढ़ में आठ लाख सत्तासी हज़ार, रामनगर में दस लाख इक्क्यासी हज़ार व फतेहपुर में एक लाख दस हज़ार की नकदी विभिन्न वाहनों में सवार लोगों के पास मिली. पुलिस ने वाहनों पर सवार एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधीक्षक का कहना है की चेकिंग के दौरान मिली नकदी से जुड़े पुख्ता दस्तावेज़ दिखाने के बाद उस नकदी को सम्बंधित को सौप दिया गया. एक करोड़ सैतीस लाख की नकदी के सम्बन्ध में कोई दस्तावेज़ नहीं मिला. सीज की गयी नकदी राजनीतिक व अपराधिक लोगों की है. इस सम्बन्ध में जांच की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक आरके भारद्वाज ने बताया कि चुनाव आचार संहित लागू होने के चलते जनपद भर के सीओ के नेतृत्व में जांच अभियान और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. उसी दौरान उक्त नकदी, आभूषण और असलहे बरामद हुए हैं. इनमें से कुछ असलहाधारियों के पास लाइसेंस नहीं था, ऐसे लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस का यह अभियान पूरे चुनाव के दौरान जारी रहेगा.






