: विभाग को दिया गया चेक हुआ बाउंस : जनसंदेश टाइम्स, लखनऊ से खबर है कि बिजली बिल बकाया होने के चलते कानपुर रोड पर स्थित प्रिंटिंग यूनिट की बिजली काट दी गई है. अखबार की प्रिंटिंग अब जनरेटर चलाकर की जा रही है. अखबार प्रबंधन पर बिजली विभाग का लगभग साढ़े आठ लाख रुपए का बिल बकाया था. एमडी अनुज पौद्दार ने इस बकाया बिल को चुकाने के लिए विभाग को साढ़े आठ लाख रुपये का चेक काटकर दे दिया था, परन्तु चेक बाउंस हो गया यानी किसी कारण पैसा बिजली विभाग के खाते में ड्रा नहीं हो पाया. इसके बाद बिजली विभाग ने प्रिंटिंग यूनिट का कनेक्शन गुरुवार को काट दिया. तब से लेकर अब तक जनरेटर के सहारे ही अखबार छापा जा रहा है.
सूत्रों का कहना है कि अखबार प्रबंधन पर कसमांडा अपार्टमेंट स्थित संपादकीय कार्यालय का भी छह लाख से ज्यादा का बिजली बिल बकाया है. अगर इसके पैसे भी जमा नहीं हुए तो विभाग यहां भी बिजली काट सकता है. इस संदर्भ में जब जनसंदेश टाइम्स के एमडी अनुज पौद्दार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि चेक बाउंस होने जैसी बात नहीं है. चेक पर मौजूद सिग्नेचर में अंतर होने की वजह से चेक ड्रा नहीं हो पाया. हमने बिजली विभाग को भी सारी जानकारी दे दी है. खाते में तेरह लाख से ज्यादा रुपये थे, लिहाजा बाउंस होने की तो बात ही नहीं है. उन्होंने बताया कि सोमवार को कनेक्शन जुड़ जाएगा.





