काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता व जनसंपर्क विभाग के पूर्ववर्ती छात्रों ने बीएचयू जर्नलिज़्म एल्युमिनाई एसोसिएशन (भुजा) का गठन किया। एक औपचारिक बैठक में सर्वसम्मति से राजीव शुक्ल को इस संगठन का अध्यक्ष, मेघचन्द्र कोंग्बाम को कोषाध्यक्ष और संतोष चौबे को महासचिव चुना गया।
इस मौके पर बीएचयू के जर्नलिज्म विभाग के पूर्ववर्ती छात्र रहे आनन्द प्रधान को नरेश कुमार सिंह के साथ उप-अध्यक्ष का पद सौंपा गया। सचिव पद के लिए सुश्री ज्योति वर्मा और उमेश पाठक और संयुक्त सचिव के रुप में शिवेन्द्र कुमार सुमन और अभिषेक पाटनी का चयन किया गया। वहीं कार्यालय सचिव पद की जिम्मेदारी विनीत कुमार सिंह और सुश्री संगीता को सौंपा गया।
संगठन के गठन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के पत्रकारिता व जनसंपर्क विभाग और वहां से उतीर्ण होकर निकलने वाले छात्रों के हितों का ध्यान रखना है। इसके अलावा संगठन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय और समाज की बेहतरी के लिए काम करने के लिए भी कटिबद्ध है। गौरतलब है कि बीएचयू में पत्रकारिता व जनसंपर्क विभाग साल 1973 से उत्कृष्ठता के साथ अस्तित्व में है। यहां से निकले छात्र पूरे देश में पत्रकारिता से जुड़े तमाम क्षेत्रों में बेहतरीन योगदान दे रहे हैं। लेकिन अब तक कोई ऐसा संगठन नहीं अस्तित्व में आया था जो विभाग के साथ-साथ यहां के पूर्ववर्ती छात्रों को एक मंच मुहैया करा सके।
भुजा (बीएचयूजेएए) के गठन के साथ ही ये कमी पूरी हो गई है। भुजा के गठन से बीएचयू पत्रकारिता व जनसंपर्क विभाग में पढ़ रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभाग में पढ़ रहे छात्रों ने उम्मीद जताई है कि भुजा उनका उचित मार्गदर्शन कर पाने में सक्षम होगा। प्रेस रिलीज






