वक्त जो न करा दे. खुद को बेबाक बोलने लिखने वाला बताने वाले वरिष्ठ पत्रकार एसएन विनोद को ये दिन भी देखना पड़ेगा और देखकर चुपचाप सहना पड़ेगा, किसी ने उम्मीद न की थी. इंडिया टीवी से हटाए गए विनोद कापड़ी मजबूरी वश जब साईं प्रसाद के न्यूज चैनल 'न्यूज एक्सप्रेस' में सीईओ व एडिटर इन चीफ बनाए गए तो सबने ये सोचा था कि वरिष्ठ पत्रकार एसएन विनोद या तो इस्तीफा दे देंगे या फिर प्रबंधन उन्हें कापड़ी को रिपोर्ट करने की मजबूरी से मुक्त रखेगा. पर दोनों न हुआ.
प्रभात खबर जैसे अखबार के संस्थापक और दर्जनों अखबारों, चैनलों के मुख्य संपादक एसएन विनोद इन दिनों साईं प्रसाद कंपनी के मराठी न्यूज चैनल के संपादक हैं. उनके उपर विनोद कापड़ी को ग्रुप एडिटर लाकर बिठा दिया गया है. साथ ही एसएन विनोद को निर्देश दे दिया गया है कि वे कापड़ी को रिपोर्ट करें. सूत्रों का कहना है कि एसएन विनोद ने कापड़ी को रिपोर्ट करने की शर्त को मान लिया है.
पता चला है कि साईं प्रसाद समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक भापकर पिछले दिनों न्यूज एक्सप्रेस के नोएडा स्थित आफिस आए और अपने साथ विनोद कापड़ी को भी ले आए. सबके सामने विनोद कापड़ी को इंट्रोड्यूस किया. एमडी ने साफ कहा कि अब सभी लोग कापड़ी को रिपोर्ट करेंगे और आगे से कोई भी पुणे (कंपनी के मुख्यालय) फोन या मेल या मैसेज नहीं करेगा. इस मौके पर चैनल हेड निशांत चतुर्वेदी ने विनोद कापड़ी की तारीफों के पुल बांधे. इस दौरान यह भी बताया गया कि प्रसून शुक्ला आगे से सिर्फ प्रबंधन का कामकाज देखेंगे यानि न्यूज रूम से उनका लेना देना नहीं रहेगा. इस तरह से साईं प्रसाद मीडिया के संपादकीय की पूरी पिच विनोद कापड़ी के हवाले कर दी गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में न्यूज एक्सप्रेस में काफी बड़ा उथल-पुथल होगा. सब लोग सांस रोके इंतजार कर रहे हैं. (कानाफूसी)
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित. ताजी सूचनाओं-घटनाओं से भड़ास को [email protected] पर मेल भेजकर अपडेट करा सकते हैं.






