मथुरा: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद कई राज्यों के पत्रकारों के दल ने सोमवार को ब्रज का भ्रमण किया। धार्मिक स्थलों के दर्शन कर वे आत्मविभोर हो गये। इससे पूर्व पत्रकारों के दल का उपजा के बैनर तले जोरदार स्वागत भी किया गया। स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में डीएम विशाल चौहान ने कहा कि प्रशासन और मीडिया एकदूसरे के पूरक हैं। उन्होंने पत्रकार की भूमिका को बहुत महत्वपूर्ण बताया।
एसएसपी आरकेएस राठौर ने इलाहाबाद महाकुंभ में मीडिया के सामंजस्य को दोहराया। कहा कि पत्रकारों से सहभागिता कई समस्याओं का हल करा देती है। उपजा प्रदेश उपाध्यक्ष कमलकात उपमन्यु ने कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन के सहयोग का आभार जताया। विभिन्न प्रांतों से आए पत्रकारों का स्वागत भी किया। उपजा के प्रदेश अध्यक्ष रतन दीक्षित ने संचालन किया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन अवधेश तिवारी सहित तमाम पत्रकार भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकार दल ने ब्रज का भ्रमण किया। (जागरण)





