श्री यशवन्त जी, नमस्कार. आपको अवगत कराना है कि अमर उजाला, गोंडा के पत्रकार राम मोहन पांडेय, जिनको ब्रेन हैमरेज हो गया था, का निधन हो चुका है. उनका लखनऊ में इलाज चल रहा था. अमर उजाला, गोंडा में रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे इस पत्रकार का बीमारी के चलते देहान्त होने के बाद एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन गोंडा में किया गया. इसमें उ.प्र. श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने स्वर्गीय पत्रकार के परिजनों को पचास हजार रूपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. लेकिन अमर उजाला की तरफ से स्वर्गवासी पत्रकार के परिजनों के लिए एक भी पैसे की मदद नहीं दी गई.
गोण्डा के करनैलगंज के घंटाघर के पास एक सामाजिक संगठन ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की, जहां भारी संख्या में गोण्डा सहित करनैलगंज के पत्रकार, शुभ चिंतक सहित राजनैतिक दलों के लोगों ने भाग लिया. इस अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा व महामंत्री जानकी शरण द्विवेदी व अकील सिद्दीकी, श्याम प्रकाश तिवारी, सत्य गोपाल तिवारी ने संगठन की तरफ से 50 हजार रुपये स्व. पाण्डेय के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
इस खबर को हिन्दुस्तान, जनसंदेश टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा अन्य दर्जनों अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया. वहीं इलेक्ट्रानिक मीडिया में साधना न्यूज, डीडी न्यूज, आकाशवाणी, पी7, टीवी 24, सहारा समय सहित अन्य चैनलों ने प्रमुखता दी, लेकिन अमर उजाला, जिसके पत्रकार थे स्व. राम मोहन पाण्डेय, ने इस घोषणा की कौन कहे, श्रद्धांजलि सभा की भी ठीक से कवरेज नहीं दी। यहां तक की श्रद्धांजलि सभा में 20 से 50 किमी का सफर कर पहुंचे पत्रकारों का नाम तक छापना उचित नहीं समझा। अमर उजाला के गोण्डा परिवार ने भी स्व. पाण्डेय के परिवार को कोई आर्थिक सहायता न तो दी और न ही भविष्य में देने की घोषणा की।
अकील सिद्दीकी
पत्रकार
मो. 8004739001
इसे भी पढ़ें- अमर उजाला, गोंडा के रिपोर्टर राम मोहन पांडेय को ब्रेन हैमरेज





