बरनाला में भास्कर के दो पत्रकारों हिमांशु दुआ और जतिन्द्र देवगण पर पिछले दिनों आरएसएस व भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा जानलेवा हमला करने के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को जिले के पत्रकार संगठनों के पक्ष में विभिन्न संघर्षशील संगठनों के सैकड़ों लोगों ने एसएसपी कार्यालय के सामने धरना दिया तथा रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद शहर में मार्च निकाल कर बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किए जाने की मांग की।
गौरतलब है कि पत्रकारों पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों में से एक राम कुमार ब्यास को बरनाला पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन पुलिस ने इस मामले में नामजद भाजपा के जिलाध्यक्ष गुरमीत हंडियाया, धीरज दधाहूर, नीरज जिंदल, दीपक राय, जुनिंदर जोशी और मोहित बांसल की गिरफ्तारी को लेकर पत्रकार संगठनों के साथ-साथ संघर्षशील संगठनों के सदस्यों ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन व अकाली-भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस धरना प्रदर्शन में पंजाब जर्नलिस्ट ऑफ यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जसपाल सिंह हेरां, जिला प्रधान जगसीर सिंह संधू, इंकलाबी केन्द्र के नारायण दत्त, खेतीबाड़ी किसान फ्रंट के गुरबख्श सिंह, हल्का महलकलां की कांग्रेसी विधायक बीबी हरचंद कौर घनौरी, इंकलाबी नेता नारायण दत्त, पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के नेता प्रदीप कस्बा, भारतीय किसान यूनियन डकौंदा के हरदेव सिंह, किसान यूनियन उगराहां के राज्य महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां, सीपीआई के उजागर सिंह बीहलां, भारतीय किसान यूनियन डकौंदा के हरदेव सिंह, प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां, हरदीप टल्लेवाल, सीपीआई के उजागर सिंह बीहलां, विख्यात समाजसेवी जस्सी पेधनी, अकाली दल अमृतसर की तरफ से बाबा अमरजीत सिंह किला हकीमां, नौजवान भारत सभा के नवकिरन पत्ती, भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी, साबका एमपी राजदेव सिंह खालसा की तरफ से अवतार सिंह संधू, डाक्टर कुलवंत सिंह पंडोरी समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।
दोनों पत्रकारों पर हुए हमले के मामले को लेकर गठित 14 सदस्यीय पत्रकार एक्शन कमेटी बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 16 मई को दोपहर तीन बजे अग्रवाल धर्मशाला में बैठक भी आयोजित की है। इसी बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के क्या कदम उठाए जाएं।






