बरनाला में भास्कर के दो पत्रकारों जितेंद्र देवगन तथा हिमांशु दुआ पर भाजपा नेता तथा उसके सहयोगियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस मामले से निपटने के लिए बनाई गई एक्शन कमेटी की मीटिंग में सभी आरोपियों को तत्काल अरेस्ट करने की मांग की गई. एक्शन कमेटी ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटों के भीतर आरोपी पुलिस गिरफ्त में नहीं आए तो पत्रकार संगठन और सामाजिक ईकाइयां पुलिस और राज्य सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक देंगे.
गौरतलब है कि भास्कर के दोनों पत्रकारों को धोखे से बुलाकर भाजपा नेता ने अपने साथियों के साथ जमकर पिटवाया. इसके बाद इन लोगों का हाथ-पैर बांधकर एक दुकान में बंद कर दिया तथा उस पर ताला लगाकर भाग गए. किसी तरह इन लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने ताला तोड़कर दोनों लोगों को बाहर निकाला तथा अस्पताल में भर्ती कराया. एक्शन कमेटी की बैठक में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जिलाध्यक्ष अशीश पालको, चेयरमैन सुखचरनप्रीत सिंह सुक्खी, संदीप जिंदल, मनीश शर्मा, मनोज शर्मा, कुलदीप ग्रेवाल, कमल संधू, जगदेव सेखों, राजमहेंदर बरनाला, जगसीर सिंह संधू, हरिंदरपाल सिंह निक्का, रविंदर रवि, सतीश सिंधवानी, अकेश कुमार, नीलकमल, अमित मित्तर आदि मौजूद थे.






