पुणे : दैनिक भास्कर समाचारपत्र के समूह संपादक और वरिष्ठ पत्रकार श्रवण गर्ग को प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा। देश के प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और केसरी समाचारपत्र के संस्थापक/संपादक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की स्मृति में यह पुरस्कार दिया जाता है।
केसरी-मराठा ट्रस्ट द्वारा उक्त पुरस्कार 4 जनवरी को पुणे में प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा सोमवार को पुणे में ‘केसरी’ ट्रस्ट के न्यासी-संपादक डॉ. दीपक तिलक ने की। पुरस्कार स्वरूप गर्ग को एक लाख रुपए की राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा। 4 जनवरी को ‘केसरी’ का 131वां स्थापना दिवस है। वर्ष 1881 में चार जनवरी के दिन से ही लोकमान्य तिलक के नेतृत्व में मराठी दैनिक केसरी ने अपना प्रकाशन प्रारंभ किया था। पूर्व में एन. राम, वीर संघवी तथा एचके दुआ इस पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। भारतीय प्रेस परिषद और राष्ट्रीय एकता परिषद के सदस्य गर्ग भाषायी पत्रकारिता के क्षेत्र में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने वाले देश के पहले पत्रकार होंगे। साभार : भास्कर






