दैनिक भास्कर, लोहरदग्गा से खबर है कि रिपोर्टरों को सेलरी ना मिलने से नाराज ब्यूरोचीफ संजय कुमार ने पूरी टीम के साथ इस्तीफा दे दिया है. संजय अखबार के लांचिंग के समय से ही जुड़े हुए थे. बताया जा रहा है कि प्रबंधन ने पहले सभी पत्रकारों को एक निर्धारित राशि देने का वादा किया, परन्तु अपने वादे पर खरा नहीं उतरा. पिछले पांच छह महीनों से पत्रकारों को सेलरी नहीं दी जा रही थी. साथ ही ब्यूराचीफ की सेलरी भी घटा दी गई थी.
प्रबंधन से कई बार बात करने के बाद भी जब मामला हल नहीं हुआ तो संजय कुमार तथा उनकी टीम के कौशल शाह देव, मिथुन कुमार, रोशन शाहदेव तथा ऑफिस ब्वॉय सोमनाथ ने प्रबंधन को इस्तीफा थमा दिया. बताया जा रहा है कि संजय और उनकी टीम के इस्तीफा देने के बाद रीजनल हेड मधुकर श्रीवास्तव लोहरदग्गा में टिके हुए हैं. वे यहां अखबार को देखने के साथ नए प्रभारी की खोज में भी जुटे हुए हैं.
बताया जा रहा है कि रांची से जुड़े ज्यादातर जिलों में अखबार का सर्कुलेशन लगातार कम होता चला जा रहा है. इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि कई अखबारों से निकाले गए दागियों को प्रबंधन ने अपने अखबारों का खेवनहार बना लिया है. एक जिले में भास्कर के पत्रकार के खिलाफ एसपी ने पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस कर पोल खोली थी तो एक जिले के प्रभारी के कारनामों को लेकर कुछ लोगों ने पर्चा बांटा था. बताया जा रहा है कि इन्हीं सब कारणों से भास्कर की स्थिति बिगड़ती जा रही है.






