लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, दूसरी ओर मुख्यमंत्री मायावती लगातार अपनी सरकार की गंदगी साफ करने में लगी हुई हैं. मायावती ने बुधवार को दो और मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया है. भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे अतिरिक्त उर्जा मंत्री अकबर हुसैन और विज्ञान और प्राद्योगिकी मंत्री यशपाल सिंह की छुट्टी की गई है. इससे पहले मायावती नौ मंत्रियों की छुट्टी कर चुकी हैं. इसमें चार मंत्रियों की छुट्टी उन्होंने तीन दिन पहले ही की है.
मुख्यमंत्री ने राज्य में चुनावों की तारीखों के ऐलान के दूसरे दिन यानी रविवार को भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे जिन मंत्रियों को हटाया था उनमें उच्च शिक्षा मंत्री राकेश धर त्रिपाठी, कृषि, शिक्षा और अनुसंधान मंत्री राजपाल त्यागी, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री अवधेश वर्मा और होम गार्ड राज्य मंत्री हरिओम के नाम शामिल हैं. इससे पहले लोकायुक्त की जांच के घेरे में आए पांच को हटाया जा चुका है. उनके नाम रतनलाल अहिरवार, राजेश त्रिपाठी, अवधपाल सिंह, बादशाह सिंह और रंगनाथ मिश्रा हैं.
वहीं मायावती अपने सबसे नज़दीकी माने जाने वाले और दर्जन भर विभागों के मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी को अब भी बख्श रखा है. नसीमुद्दीन भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर लोकायुक्त जांच में फंसे हुए हैं, लेकिन अब तक मायावती का उनपर आशीर्वाद कायम है. इतना ही नहीं चुनाव से महीने भर पहले दो मंत्रियों समेत 25 विधायकों के टिकट भी काट लिए गए हैं.






