अजमेर। केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट के गेगल रीको इंडस्ट्रीज एरिया में रविवार को कार्यक्रम के दौरान भीड़ में लोगों की जेब तराशने की कोशिश कर रहे शातिर युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। वह मौके पर पत्रकार बनकर पहुंचा था। पकड़े जाने पर जब लोग उसकी पिटाई करने लगे तब भी उसने लोगों को अर्दब में लेने के लिए खुद को पत्रकार बताया, परन्तु कोई परिचय पत्र नहीं दिखा सका, जिसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार अहमदाबाद के मूल निवासी हाल ब्यावर नंदनगर निवासी राजेश जैन पुत्र बसंतीलाल जैन को गेगल रीको इंडस्ट्रीज एरिया में रविवार को केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट के कार्यक्रम में लोगों ने पकड़ा था। वह खुद को पत्रकार बताते हुए भीड़ में घुसा था। लोगों ने बताया कि राजेश जैन कार्यक्रम समाप्त होने पर भीड़ और अफरा-तफरी के माहौल का फायदा उठाकर लोगों की जेब काटने की कोशिश कर रहा था। उसे रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद लोगों ने मौके पर ही राजेश की पिटाई कर दी।
पूछताछ में उसने खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन वह इस बारे में परिचय पत्र या अन्य कोई साक्ष्य नहीं दे पाया। बाद में उसने पाकेटमारी करने की सच्चाई कबूल कर ली। गेगल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पड़ताल शुरू कर दी है।






