नेटवर्क18 के कई मीडिया वेंचर्स में से एक मनीकंट्रोल डाट काम में भी छंटनी की जा रही है. इस बिजनेस और फाइनेंस न्यूज पोर्टल से कम से कम आधा दर्जन रिपोर्टरों को इस्तीफा देने के लिए प्रबंधन ने कह दिया है. इन लोगों से जिस कागज पर साइन कराया गया है उस पर लिखा हुआ है कि वे परसनल कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं. बताया जाता है कि मनी कंट्रोल डाट काम के लिए अलग से कोई टीम नहीं रहेगी.
इस ग्रुप के जो न्यूज और बिजनेस चैनल हैं, उसकी ही टीम इस वेबसाइट के लिए कंटेंट जनरेट करने के लेकर उसे एडिट करने व पब्लिश करने का काम करेगी. मनीकंट्रोल डाट काम के एडिटर संतोष नायर पहले फर्स्टपोस्ट डाट काम के एडिटर आर. जगन्नाथन को रिपोर्ट करते थे. अब नायर को कह दिया गया है कि वे टीवी वाले बासेज को रिपोर्ट करें. ज्ञात हो कि नेटवर्क18 की कंपनी टीवी18 ब्राडकास्ट की तरफ से इसके कई चैनलों सीएनएन-आईबीएन, आईबीएन7, सीएनबीसी-टीवी18, सीएनबीसी आवाज आदि से करीब चार-पांच सौ लोगों को इकट्ठे हटा दिया गया. उसके बाद फिर वेब और अन्य डिवीजन्स में भी छंटनी की गई.






