दैनिक भास्कर के संवाददाता मनोज व्यास को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मनोज का चयन स्टेट एडिटर, राजस्थान नवनीत गुर्जर द्वारा किया गया। उन्हें यह सम्मान दैनिक भास्कर के उदयपुर कार्यालय में कार्यकारी संपादक हरिशचन्द्र सिंह और अशोक सोनी ने प्रदान किया। इस अवसर पर संपादकीय विभाग में कार्यरत उपसंपादकों द्वारा मनोज को बधाई दी गई तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
इधर राजस्थान पत्रकार परिषद के सराडा और सलुम्बर के पत्रकारों ने स्टेट एडिटर द्वारा सम्मानित होने पर चावण्ड में महाराणा प्रताप की आराध्य देवी मॉ चामुण्डा के दरबार में मनोज के लिए सम्मान समारोह रखा, जिसमें मनोज व्यास को तिलक, श्रीफल,
शॉल और मेवाडी शान पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान संघ के कन्हैया लाल सोनी, यशवंत सिंह पंवार, भूपेन्द्र चास्टा सहित एक दर्जन पत्रकार मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि भास्कर संवाददाता मनोज व्यास ने जनवरी माह में स्वाभिमान और स्वतंत्रता के पर्याय महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण पर कई आर्टिकल लिखे थे, जो पाठकों की पहली पंसद थे। 10 जनवरी को महामहिम के आगमन से पूर्व और महाराणा प्रताप की पुण्यतिथी पर महामहिम के यहां से पुष्पांजलि करने के महज नौ दिन बाद की बदहाल स्थिति सहित प्रताप समाधि स्थल पर बिजली कनेक्शन काटने के मामले प्रमुखता से प्रकाशित किए थे।






