इटावा : समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के निमंत्रण पर देश की जानी मानी हस्तियों ने सैफई पहुँच उनके छोटे बेटे प्रतीक यादव के शादी समारोह में शरीक होकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया. सुबह होते ही वीरान पड़ी सैफई हवाई पट्टी पर चार्टर प्लेनों का उतरना शुरू हो गया, जिस में सबसे पहले पहुँचने वालों में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन के साथ अनिल अम्बानी पहुंचे. उसके बाद संजय डालमिया सबसे बाद में सुब्रत राय सहारा. सभी लोग सीधे सैफई महोत्सव के पंडाल में वर-वधू (प्रतीक संग अपर्णा) को आशीर्वाद देने पहुंचे.
इस शाही शादी के समारोह में वैसे तो हजारों लोग पहुंचे लेकिन देश की जानी मानी हस्तियों को देखने सैफई और आस पास की जनता उमड़ पड़ी. सैफई के इतिहास में आज तक ऐसा समारोह नहीं हुआ, जिसमें देश की जानी मानी हस्तियों के अलावा इतने हज़ार लोग पहुंचे हो. मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के पुत्र प्रतीक यादव की शादी का समारोह सैफई और आस पास की जनता के लिए एक अनसुलझा सवाल था, क्योकि यहाँ की जनता अखिलेश यादव को ही मुलायम सिंह का पुत्र जानती है. शायद इसी अनसुलझे सवाल को सुलझाने के लिए मुलायम सिंह ने सैफई के आलावा करीब बीस हज़ार लोगों को निमंत्रण भेजा और देश की जानी मानी हस्तियों को सैफई की धरती पर शादी समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देने को बुलाया. सैफई पहुंचे अतिथियों का स्वागत मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव ने किया.



इटावा से विकास मिश्र की रिपोर्ट.






