छंटनी के इस दौर में पत्रकारों के लिए कहीं से भी अच्छी खबरें नहीं आ रही हैं. बताया जा रहा है कि इस बार महुआ ग्रुप में बंपर छंटनी की योजना बनाई गई है. कुछ अपुष्ट खबरों में पता चला है कि महुआ के लाइट, कैमरा, प्रोमो तथा मार्केटिंग सेक्शन से कम से कम सवा दर्जन लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है. सूत्रों का कहना है कि जल्द ही महुआ न्यूज लाइन में भी छंटनी किए जाने की तैयारी की जा रही है.
हालांकि हाल फिलहाल जिन लोगों को निकाला गया है उनमें एडिटोरियल से जुड़े लोग शामिल नहीं हैं. बताया जा रहा है कि महुआ प्रबंधन महुआ टीवी एवं इंटरटेनमेंट से जुड़े तकनीकी विभाग के लोगों को बाहर का रास्ता दिखा रहा है. संभावना जताई जा रही है महुआ न्यूज लाइन से भी इन्हीं विभागों के कई लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा. इस छंटनी के चलते ग्रुप के अंदर हड़कम्प की स्थिति है. भयानक छंटनी के दौर में मीडियाकर्मी परेशान हैं. उल्लेखनीय है कि इस समय छंटनी का ही दौर चल रहा है. जागरण, भास्कर, आर्यन टीवी समेत कई संस्थानों में पत्रकार तथा गैर पत्रकार कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है.





