पिछले काफी समय से उथल-पुथल दौर से गुजर रहे महुआ न्यूज के मीडियाकर्मियों के लिए खुशखबरी है. महुआ न्यूज प्रबंधन ने ग्रुप में कार्यरत सभी कर्मचारियों की सैलरी इंक्रीमेंट करने का फैसला किया है. बढ़ी हुई सैलरी आगामी वित्तीय वर्ष से मिलेगी. इस बाबत इंटर्नल मेल जारी कर दिया गया है, जिसमें मार्च की बढ़ी सैलरी अप्रैल माह में मिलने की बात कही गई है. खास बात यह है कि यह फैसला ग्रुप एडिटर राणा यशवंत के इंडिया न्यूज जाने के बाद हुआ है.
प्रबंधन ने अपने मेज में लिखा है कि अबतक तमाम मुश्किलों और घाटों से उबरते हुए हमारे चैनल के कर्मचारियों ने उत्साह और हिम्मत दिखाकर महुआ को बिहार और झारखंड में लगातार शीर्ष पर कायम रखा है, उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रबंधन ने यह फैसला किया है. गौरतलब है कि महुआ न्यूज में पिछले कई सालों में एक भी बार इन्क्रीमेंट नहीं हुआ था, जिसको लेकर सभी नये-पुराने, कनिष्ठ-वरिष्ठ कर्मचारियों में रोष व्याप्त था. लंबे समय से सैलरी नहीं बढ़ने के कारण ही बहुत सारे लोगों ने महुआ को अलविदा कह दिया था.
पिछले दो चार महीने से नये चैनलों के आने तथा कुछ को नए कलेवर देने के समय मौकों को देखते हुए महुआ न्यूज से बहुत से लोग इधर-उधर अपने लिए जगह तलाश चुके थे, तो कुछ लोगों ने जाने की तैयारियां कर रखी थी, लेकिन प्रबंधन के इस फैसले के बाद उम्मीद है कि महुआ न्यूज से पलायन रुक सकेगा. इस खबर से महुआ के कर्मचारी खुश हैं साथ ही बाहर भी यह संदेश गया है कि तमाम दुश्वारियों के बाद भी महुआ न्यूज अभी चुका नहीं है. कर्मचारी इस फैसले के लिए नरेश कुमार की कुशलता मानते हैं, जो राणा यशवंत के जाने के बाद महुआ न्यूज की जिम्मेदारी देख रहे हैं.





