: भाजपा राम के नाम की दलाली करती है : शाहजहांपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा राम नाम की दलाली कर सत्ता में पहुंची थी, जो पार्टी भगवान के नाम को भुनाने में भी नही चूकी वह आम जनता का क्या ध्यान रखेगी, जबकि पिछले बाइस सालों में गैर कांग्रेसी सरकारों के मुखिया माया और मुलायम ने उत्तर प्रदेश में विकास की ओर ध्यान न देकर अपने विकास पर ज्यादा ध्यान दिया। राहुल ने कहा कि बसपा की मुख्यमंत्री मायावती को डर लगता है। एक बार वह उनके दिल्ली के निवास पर गये थे, जहां उनके मकान की दीवारें 40 फीट ऊंची है, जो खुद डरती है वह आप की सुरक्षा क्या करेंगी।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिये राहुल गांधी प्रदेश में ताबड़तोड़ सभाएं कर रहे हैं। वह शाहजहांपुर के पुवायॉ विधानसभा क्षेत्र के पुवाया इंटर कालेज मैदान में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्हों ने विपक्षी पार्टियों सपा, बसपा और भाजपा पर कडे़ प्रहार किये। राहुल ने कहा कि भाजपा राम के नाम की दलाली कर सत्ता में आई और उसके बाद मुलायम सिंह को आप ने सत्ता में भेजा तो उनके राज में थानों पर गुंडों ने कब्जा कर लिया। मुलायम के राज में अपराध और गुंडागर्दी चरम पर थी। 2007 में आप ने मुलायम सिंह से नाराज होकर मायावती को पूर्ण बहुमत की 208 सीटें दी, आज आधे से अधिक मंत्रिमंडल जेल में है। मायावती को डर लगता है। उन्हों ने कहा कि वह उनके दिल्ली निवास पर गये थे, उनके मकान की दीवारें चालीस चालीस फीट ऊंची है, जिस नेता को खुद इतना डर लगता है वह आप की सुरक्षा क्या करेंगी। यूपी में बसपा सरकार के मंत्री चार साल तक जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा लूटते रहे और मायावती आंखें बंद किये रहीं, चुनाव आया तो एक महीने पहले अपनी पार्टी को क्लीन दिखाने के लिये और लोकायुक्त की जांच में फंसे 15 मंत्रियों को मंत्रिमडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

राहुल गांधी जनता को यह भी बताना नहीं भूले कि लखनऊ में मायावती ने एक ऐसी डिजाईन का हाथी बनवाया है जो माया सरकार के कई विभागों का पैसा खा रहा है। यह हाथी जब पैसे को हजम कर जाता है तो मायावती उस विभाग के मंत्री को बाहर कर देती हैं। राहुल गांधी ने नसीमुददीन सिद्दीकी का नाम तो नहीं लिया पर यह जरूर कहा कि माया ने जिन मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया उनके विभाग उन मंत्रियों से भी ज्यादा भ्रष्ट्र मंत्री को दे दिये। हम गरीबों के लिये भोजन का अधिकार लाना चाहते है, जिस में 35 किलो आनाज देश के सभी गरीबों को दिया जायेगा। हमारा यह प्रयास है कि देश में कोई भी भूखे पेट न सोये पर मायावती इस बिल का विरोध कर रही हैं, वह अपने को दलितों की नेता बताती हैं। इस कानून से सबसे ज्यादा फायदा दलितों को ही होगा क्योंकि सबसे ज्यादा गरीब दलित है उत्तर प्रदेश में।
राहुल गांधी ने युवाओं को भी रिझाने की भी कोशिश की। युवाओं से मुखातिब होते हुये राहुल गांधी ने कहा कि मैं चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को यहीं रोजगार मिले, उन्हें महाराष्ट्र, दिल्ली काम की तलाश में न जाना पडे़। हम दस साल में प्रदेश को बदल देंगे आज यहां का युवा बाहर काम करने जाता है दस साल बाद तमिलनाडु का इंजीनियर यहां काम मांगने आएगा। मैं उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिये नहीं आया हूं, यूपी को बदलने आया हूं। सभा को तिलहर से कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता सिंह, ददरौल से प्रत्याशी कौशल मिश्रा, पुवायॉ से कांग्रेस के प्रत्याशी चेतराम ने भी सभा को सम्बोधित किया। सभा का संचालन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र दीक्षित ने किया। राहुल की सभा में दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी और जितिन प्रसाद भी मौजूद थे।
शाहजहांपुर से सौरभ दीक्षित की रिपोर्ट.






