मालदीव से आ रही ख़बरों के मुताबिक़ विद्रोही पुलिस अधिकारियों ने सरकारी टेलीविजन स्टेशन पर क़ब्ज़ा कर लिया है. विद्रोही राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद के त्यागपत्र की मांग कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि स्टेशन पूरी तरह विद्रोहियों के कब्जे में हैं. सोमवार को तक़रीबन 50 पुलिसकर्मियों ने सरकारी आदेश को मानने से इनकार करते हुए देश के पूर्व शासक अब्दुल गयुम के समर्थकों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने से मना कर दिया था. गयुम समर्थक वर्तमान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे तथा नारे लगा रहे थे.
खबर आई थी कि फौज ने गयुम समर्थकों के खिलाफ रबर की बुलेट का इस्तेमाल किया था, पर राष्ट्रपति कार्यालय ने इन खबरों से इनकार किया है. कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी. मालदीव में अशांति का दौर पिछले महीने एक वरिष्ठ जज की गिरफ़्तारी के बाद शुरू हुई थी, जिन्होंने विरोधी दल के एक कार्यकर्ता की रिहाई के आदेश दिए थे. इसके बाद से ही मालदीव में तनाव है.






