न्यूज़ चैनलों की जमात में नए नवेले न्यूज़ नेशन में जश्न का माहौल है। मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को अचानक मिड टर्म रिवॉर्ड देकर खुशी का मौका दे दिया है। अप्रत्याशित रूप से 22 जून को न्यूज़ रूम में बंटी चिट्ठियों से यहां काम करने वाले पत्रकारों और तकनीकी स्टॉफ काफी उत्साहित हैं। वेतन में 10 से 20 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है। ये बढोतरी 1 अप्रैल 2013 से ही लागू होगी। माना जा रहा है कि जुलाई का वेतन दो महीने के एरियर के साथ दिया जाएगा। ये कर्मचारियों के लिए किसी बोनस से कम नहीं है।
मैनेजमेंट की तरफ से ये साफ संदेश दिया गया है कि ये महज चैनल की सफल लांचिंग का रिवॉर्ड दिया गया है, अपने तय वक़्त पर इंक्रीमेंट भी किया जाएगा। फरवरी माह में अल्फा मीडिया हाउस का नया चैनल न्यूज़ नेशन लांच किया गया था। महज 4 महीनों में ही चैनल ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है। बिना किसी सनसनी के न्यूज नेशन धीरे-धीरे दर्शकों में अपनी पैठ बढ़ा रहा है। टीआरपी की दौड़ में शामिल नहीं होने के बावजूद चैनल की टीआरपी 3.4 और जीआरपी 3.8 तक बताई जा रही है। सीईओ शैलेष कुमार की अगुआई में टीम के इस कामयाब प्रदर्शन से मैनेजमेंट भी संतुष्ट है और ये मिड टर्म रिवॉर्ड इसी का नतीजा माना जा रहा है। न्यूज चैनलों की इंडस्ट्री में ये पहला मौका है, जब लॉन्चिंग के 6 माह पूरे होने से पहले ही वेतन में इस तरह की बढ़ोतरी की गई हो। चैनल की लांचिंग के बाद कई इस्तीफ़े हुए थे लेकिन जो लोग चैनल के साथ रुक कर काम करते रहे, कंपनी उन्हें अपने साथ बांधे रखना चाहती है। चैनल की लांचिंग के बाद से अभी तक कोई पार्टी तो नहीं दी गई है लेकिन सोची-समझी रणनीति के तहत की गई ये बढ़ोतरी ही हर कर्मचारी को पार्टी का मौका दे गई है।
न्यूज नेशन में कार्यरत एक मीडियाकर्मी द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





