: कानाफूसी : हिमाचल प्रदेश से सम्भवतः मई में शुरू होने जा रहा है अखबार ‘हिमाचल दस्तक’। वैसे तो इसका शुभारंभ जनवरी 2012 में होना था लेकिन टलते-टलते अप्रैल 2012 तक पहुंच गया है। अब कहा जा रहा है कि मई में तो अखबार लांच हो ही जाएगा। प्रारंभ में चर्चा थी कि 32 पेज का होगा, लेकिन अब 12 पेजी अखबार की चर्चा चल रही है। हिमाचल दस्तक का संपादक लंबी खोजबीन के बाद हेमंत कुमार को बनाया गया है। हेमंत कुमार दैनिक भास्कर में चण्डीगढ़ में रहे हैं और यह उनका पहला और अब तक का अंतिम अखबार है। कई तरह की चर्चाएं है। कहा जा रहा है कि संपादक के लिए कोई बड़ा नाम प्रबंधन को मिला नहीं, इसीलिए हेमंत ही सही। हेमंत कुमार के सगे साढू इस अखबार के स्टेट ब्यूरो चीफ तैनात किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि अखबार के चेयरमैन के.पी. भारद्वाज एक ‘मिशन’ लेकर इस अखबार को शुरू करना चाह रहे है और वह है ‘मिशन बदला’। के.पी. भारद्वाज दैनिक अखबार ‘दिव्य हिमाचल’ के चेयरमैन भानु धमीजा से कोई पुराना हिसाब चुकता करना चाहते हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ में के.पी. भारद्वाज एमडी रह चुके हैं। बाद में भानु धमीजा से अनबन हुई तो अखबार छोड़ दिया। इसी बीच एक करोड़ रुपये के फेर में उलझ गए। तिब्बतियों को जमीन बेची। एक करोड़ रुपये नगद लेकर दिल्ली से धर्मशाला जा रहे थे। ऊना में पकड़े गए और कई दिन जेल की हवा खानी पड़ी। मामला अदालत में है। शायद इस कारण भी ‘मिशन बदला’ कुछ समय के लिए लंबित रहा।
बहरहाल ‘मिशन बदला’ के तहत इस अजन्मे अखबार में ‘दिव्य हिमाचल’ की मार्केटिंग टीम ज्वाइन कर चुकी है। डेस्क और फील्ड में ‘दिव्य हिमाचल’ के उप संपादकों और संवाददाताओं को प्रलोभन दिए जा रहे हैं। प्राथमिक ‘दिव्य हिमाचल’ के कर्मचारियों को दी जा रही है। फलस्वरूप प्रदेश में अच्छे खासे पैर जमा चुके दिव्य हिमाचल में भी खलबली मची हुई है।
धर्मशाला से एक पत्रकार द्वारा भेजी गई रपट पर आधारित.




