काहिरा। मिस्र में आतंकवादी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड के सैकड़ों समर्थकों को मौत की सजा सुनाए जाने के एक दिन बाद विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।
मिस्र के समाचार पत्र अल दस्तूर ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि मुस्लिम ब्रदरहुड के इस विरोध प्रदर्शन को कवर करने गई उसकी एक पत्रकार मयादा अशरफ की झड़प के दौरान मौत हो गई है। हालांकि सुरक्षा बलों का कहना है कि वह ब्रदरहुड के समर्थकों में शामिल थी।
अन्य वेबसाइटों ने भी कुछ वीडियों फुटेज अपलोड किए हैं, जिनमें सड़क के किनारे चेहरे पर खून के धब्बे लगे एक महिला को गिरा हुआ दिखाया है। इसकी पहचान एक पत्रकार के रूप में की गई है। हालांकि फुटेज की विश्सनीयता अभी संदिग्ध बनी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त के साथ कहा कि इस झड़प में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। सरकारी समाचार एजेंसी मीना ने गृह मंत्रालय के एक अधिकारी का हवाला देते हुए कहा है कि प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में चार लोग मारे गए है। नागरिकों पर गोलीबारी करने के मामले में मुस्लिम ब्रदरहुड के नौ संदिग्ध समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि ब्रदरहुड की फ्रीडम एंड जस्टिस पार्टी ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक बयान में पत्रकार की मौत के लिए सुरक्षा बलों को जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि पिछले जून में मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी का तख्तापलट करने में सक्रिय रहे अब्दुल फतह अल सिसी ने बुधवार को राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेने के लिए सेना प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था।






