विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरों पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि मीडिया की खबरों पर सरकार काम नहीं कर सकती. खुर्शीद ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित सीआईएसएफ के 44वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अपनी नैतिक जिम्मेदारियों को बखूबी समझती है. यदि किसी देश का कोई प्रधानमंत्री जब किसी धार्मिक स्थल पर आता है तो उसका सम्मान किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति भी कहती है कि अतिथि का सम्मान सर्वोपरि है. किसी से मतभेद होना अलग बात है. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का स्वागत केवल एक शिष्टाचार के तहत किया गया. खुर्शीद ने मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर केवल इतना कहा कि कोई भी सरकार मीडिया के हिसाब से नहीं चल सकती. उन्होंने सीआईएसएफ की महत्व रेखांकित किया और पाकिस्तानी मीडिया पर जमकर बरसे. मीडिया में उड़ाई जा रही खबरों से भी काफी नाराज दिखे.






