कोलकाता। आए दिन मीडिया के एक वर्ग को आड़े हाथों ले रही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर मीडिया पर हमला बोला। बुधवार बांकुड़ा के झिलीमिली में आयोजित अपनी राजनीतिक सभा में मीडिया को आड़े हाथों तथा बगैर नाम लिए कहा कि कुछ चैनल अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए मंगलवार बीनपुर में हुई सभा में कम लोगों की मौजूदगी की खबर फैला रहे हैं लेकिन क्या वे अपनी टीआरपी को सही तरीके से देखते भी हैं।
अपने आरोपों को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि उस दिन सभा 2 बजे से होने वाली थी और में वक्त से दो घंटे पहले अर्थात् 12 बजे ही सभा स्थल पर पहुंच गई थी और इसी बात को मीडिया का एक हिस्सा प्रचारित कर रहा है। कहा जा रहा है सीएम की सभा में लोगों की कम उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबर फैलाने वालों को शर्म आनी चाहिए। सीपीएम की दलाली करने और ईष्या करने वाले पत्रकारों से बंगाल की कोई क्षति नहीं होने वाली।






