चंदौली। ''अब व्यापार और मुनाफे का काम सिर्फ व्यापारी ही नहीं कर रहे। इसे राजनेताओं और अफसरों ने भी अपना लिया है। नेता राजनीति के जरिए टर्नओवर बढ़ा रहा है तो अफसर प्रशासनिक अधिकारों के माध्यम से धन उगाही में लिप्त है। जिस दिन मीडिया वाकई सच्चाई उजागर कर दे, बड़े-बड़े भष्ट लोग सड़कों-चौराहों पर पीटे जाएंगे। पर मीडिया घराने अब सच्चाई उजागर करने का काम नहीं बल्कि छुपाने का काम कर रहे हैं। इसकी वजह मीडिया घरानों पर कार्पोरेट घरानों का कब्जा है। एक-एक कर कई बड़े मीडिया घराने या तो कार्पोरेट के हाथों बिक गए या फिर कार्पोरेट से आर्थिक सांठगांठ कर उनके साथ कदमताल कर रहे हैं।''
उपरोक्त बातें मुख्य अतिथि पद से बोलते हुए भड़ास4मीडिया के चीफ एडिटर यशवंत सिंह ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कही. आदर्श जन चेतना समिति उत्तर प्रदेश व भारतीय पत्रकार संघ जनपद चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में शनिवार को तृतीय सत्र का शुभारम्भ भड़ास4मीडिया के चीफ एडिटर यशवंत ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित व माल्यापर्ण करके किया। इसके पश्चात सभी विशिष्ट अतिथियों ने माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात संस्था की तरफ से सभी मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर व माल्यार्पण कर किया गया।

अपने संबोधन में यशवंत ने कहा कि पहले के अखबार मालिक सच्चाई को उजागर करने में तमाम यातनाएं झेलते थे तथा जेल भी गये। लेकिन आज की मीडिया बाजारू हो गई है। एक आईआरएस अधिकारी ने जब देश के एक राजनेता और एक मीडिया हाउस की काली करतूत का पर्दाफाश करना चाहा तो उस अफसर को मेडिकल रिपोर्ट में सत्ता ने हनक दिखलाकर मानसिक रूप से विक्षिप्त करार दिया। आरटीआई द्वारा मिली सूचना को जब पत्रकार प्रकाशित करता है तो उसके उपर काफी दबाव पड़ता है। देश को अब राजनेता नहीं, पूंजीपति चला रहे हैं। मीडिया को आरटीआई के दायरे में होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि आरटीआई को जन-जन तक पहुंचाया जाय जिसके लिए आदर्श जन चेतना समिति के डायरेक्टर के सी श्रीवास्तव व भारतीय पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह बधाई के पात्र हैं। ये लोग इस तरह के जागरूकता फैलाने वाले सेमिनार आयोजित कर सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि अवधेश यादव ने कहा कि सूचना के अधिकार में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके कारण पत्रकारों को काफी मदद मिलती है।
राष्ट्रीय सहारा हिन्दी दैनिक के ब्यूरो चीफ आनंद सिंह ने कहा कि पत्रकार काफी चुनौतियों का सामना करते हुए समाज की समस्याओं को उजागर करता है, जिससे नींद में सोया प्रशासन जागता है और उन कार्यो को करने के लिए बाध्य होता है।
सेल टैक्स कमिश्नर ओपी दीक्षित ने कहा कि देश व समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को दूर करने का कार्य आरटीआई से हो रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पर्यावरणवीद परशुराम सिंह ने कहाकि पर्यावरण को बचाने में मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पत्रकार समाज का मागदर्शक होता है।
इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संस्था के डायरेक्टर व उत्तर प्रदेश शासन से मान्यता प्राप्त पत्रकार के सी श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि हमारी संस्था लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करती रही है। इसके पूर्व हमने चकिया में एक दिवसीय नेशनल सेमिनार का आयोजन किया था। साथ ही उन्होने कहा कि आर टी आई एक कारगर हथियार हैं इसका सही समय पर सही कार्य के लिए प्रयोग करने से काफी हद तक भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकती है। उन्होंने इस सेमिनार को सफल बनाने के लिए संस्था के प्रबंधकारिणी सदस्य प्रशान्त कुमार गुप्ता की भूरि-भूरि सराहना की। वहीं उन्होंने इसके सफल संयोजन के लिए भारतीय पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह को भी कोटिशः धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में डा० राम त्रिपाठी, कमलेश सिंह, बृजेश केशरी, लारेंस सिंह, उधम सिंह, प्रशांत कुमार गुप्ता, रामचन्द्र प्रसाद जायसवाल केसी मिश्रा, चन्द्रशेखर सिंह उर्फ गुडडू सिंह, दिगिवजय सिंह, आशीष कुमार, सुनील विश्राम, फकरे आलम, सत्यप्रकाश गुप्ता, नौगढ़ के आदर्श जन चेतना समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण, दु:खभंजन प्रसाद जायसवाल, बद्री प्रसाद केशरी, राजकुमार जायसवाल, रघुनाथ प्रसाद गोड़, बृजेश केशरी, मनोज कुमार सिंह सहित अनेकों पत्रकार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात पर्यावरणविद परशुराम सिंह व सफल संचालन डॉ. हौसिला प्रसाद द्विवेदी ने किया।
आदर्श जन चेतना समिति उप्र ने 13 लोगों का किया सम्मान

चन्दौली। आदर्श जन चेतना समिति द्वारा आयोजित सूचना के अधिकार पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार ‘‘सूचना के अधिकार में मीडिया की भूमिका’’ के चतुर्थ सत्र में जनपद के रहने वाले उन लोगों को आदर्श जन चेतना समिति उत्तर प्रदेश द्वारा उत्तर प्रदेश चेतना रत्न अलंकरण से अलंकृत किया गया जिन्होंने जिले का नाम रोशन किया। कैप्टन राजेन्द्र सिंह पहलवान पू० एसियाड चैम्पीयन, कुमारी रक्षा सिंह जिसने प्रदेश से देश तक के एथलेटिक में ४८ पदक प्राप्त किया, डा० दुर्गेश त्रिपाठी नगवा के रहने वाले जिन्होंने अपने क्षेत्र का नाम नाम पत्रकारिता व शिक्षा के क्षेत्र मे रोशन करते हुए इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय दिल्ली में पत्रकारित विभाग के निदेशक के पद पर कार्यरत है, चकिया के अवधेश यादव को शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन करने पर, नौगढ़ के डा० ओमप्रकाश को विज्ञान के क्षेत्र में जो कि एन आई टी गंगटोक में प्रोफेसर हैं, प्रख्यात पर्यावरणविद तथा विश्व बन्धु अंलकरण से विभूषित परशुराम सिंह, रामजी भैरव सहित कुल १३ लोगों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भड़ास4मीडिया के चीफ एडिटर यशवंत सिंह व आदर्श जन चेतना समिति उत्तर प्रदेश के डायरेक्टर केसी श्रीवास्तव एडवोकेट द्वारा सम्मानित किया गया।
आतंकवाद पर प्रदर्शनी, भोला जादूगर के कारनामे
सूचना के अधिकार में मीडिया की भूमिका पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केन्द्र चतुरीपुर में कार्यरत अध्यापक व शेरवा निवासी कृष्ण कुमार मौर्य द्वारा लगाइ गई आतंकवाद पर मूक अभिव्यक्ति की प्रदर्शनी रही। इसे नेशनल सेमिनार में आये हुए लगभग सभी लोगों ने सराहा और उनके द्वारा रखी गई कमेन्ट्स बुक पर अपनी अभिव्यक्ति भी अंकित किये। इसके साथ ही भोला जादूगर द्वारा दिखाये गये जादुई कारनामे को भी लोगों ने सराहा। इन लोगों को भी संस्था की तरफ से सम्मानित किया गया।






