मुंबई प्रेस क्लब के 22 सदस्यों की एक टीम सोमवार, 14 नवंबर, 2011 को पाकिस्तान के लिए रवाना हुई। टीम में शामिल सभी सदस्य मुंबई से प्रकाशित विविध भाषाओं के दैनिक समाचारपत्र व टीवी समाचार चैनलों के वरिष्ठ पत्रकार और फोटो पत्रकार शामिल हैं। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती के अवसर पर ये सभी पत्रकार मुंबई के सहार अंतर्राष्ट्रीय हावाई अड्डा से पाकिस्तानी एअरलाइंस से दोपहर में रवाना हुए जो सोमवार, 21 नवंबर, 2011 को मुंबई वापस लौट आएंगे।
कई महीने पहले करांची प्रेस क्लब की ओर से मुंबई प्रेस क्लब के सदस्यों को आमंत्रित किया गया था जिसके तहत यह संभव हो पाया है। यह पहला अवसर है जब मुंबई ही नहीं बल्कि भारत से पत्रकारों की टीम पाकिस्तान के करांची और हैदराबाद के दौरे पर जा रही है। जिस प्रकार मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी है उसी प्रकार करांची भी पाकिस्तान का आर्थिक गढ़ है। मुंबई और करांची में कई प्रकार की समानताएं हैं, ऐसे में दोनों देशों के पत्रकारों के बीच मेल-मिलाप और शांति स्थापित करने का एक सार्थक पहल संभव हो पाएगा।
पत्रकारों की यह टीम दक्षिण एशिया के लोगें के साथ प्रेम बढ़ाने के लिए सार्क के मुद्दे पर एक राउंड टेबल वार्ता करेंगे जिसमें सिंध के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री उपस्थित रहेंगे। यह टीम विभिन्न मीडिया हाउसों जैसे दैनिक जंग, द न्यूज, जीओ टीवी, अवामी आवाज, डेली बिजनेस रिकार्डर और डॉन के कार्यालय में जाकर पत्रकारों के साथ विचार विमर्श करेंगे। साथ ही, करांची चेंबर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री, करांची यूनिवर्सिटी, नेशनल म्युजियम मोहत्ता पैलेस सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसाइयों, प्रकाशकों, आदि से मिलेंगे और वार्तालाप करेंगे। दौरे में पाकिस्तान के विभिन्न स्थलों के साथ-साथ, करांची प्रेस क्लब और हैदराबाद प्रेस क्लब का दौरा भी शामिल है।
मुंबई प्रेस क्लब के अध्यक्ष गुरबीर सिंह के मुताबिक पत्रकारों का यह दौरा अपने आप में अनोखा और ऐतिहासिक है। इस दौरे से मुंबई के पत्रकारों को पाकिस्तान के बारे में जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इससे दोनों देशों के पत्रकारों बीच भाईचारा और दोनों देशों के बीच शांति और एकता स्थापित करने में मदद मिलेगी। क्लब के सचिव सुनील शिवदासानी ने बताया कि कई महीने के प्रयास के बाद यह सफलता मिली है और इसके जरिए दोनों देश के पत्रकारों को एक दूसरे के बीच संवाद करने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द करांची प्रेस क्लब के सदस्यों को भी मुंबई में आमंत्रित किया जाएगा।
पत्रकारों की टीम में प्रेस क्लब के चेअरमैन प्रकाश आकोलकर(राजनीतिक संपादक, सकाल ग्रुप), वरिष्ठ पत्रकार जतिन देसाई, मृत्युंजय बोस (सहायक संपादक, सकाल टाइम्स), ओम प्रकाश तिवारी (विशेष संवाददाता, दैनिक जागरण), सारंग दर्शने (सहायक संपादक, महाराष्ट्र टाइम्स), नरेश कामथ (विशेष संवाददाता, हिन्दुस्तान टाइम्स), फौजान हुसैन (स्वतंत्र फोटोग्राफर), धवल कुलकर्णी (विशेष संवाददाता, इंडियन एक्सप्रेस), हरीश नाम्बियार (फाइलर, रायटर्स), ज्योति शेलार(प्रधान संवाददाता, मुंबई मिरर), सुरेंद्र गंगण(विशेष संवाददाता, डीएनए), विनोद महंत(वरिष्ठ संपादक, इकॉनॉमिक टाइम्स), डी.के. रायकर(ग्रुप संपादक, लोकमत), नरेश फर्नांडिस(संपादक, टाइम आऊट), योगेश नाईक (विशेष संवाददाता, मुंबई मिरर), लीला पी सोलोमन (सहायक संपादक, इकॉनॉमिक एण्ड पॉलिटिकल वीकली), अनाहिता मुखर्जी (विशेष संवाददाता, टाइम्स ऑफ इंडिया), बंदा एन कुमार (सीईओ, काँसेप्ट पीआर), कमलेश सुतार (विशेष संवाददाता, हेडलाइंस टुडे/आजतक), शालिनी नायर (विशेष संवाददाता, इंडियन एक्सप्रेस), चारुहास साटम (निदेशक-कार्पोरेट अफेयर्स, वेल्यूएबल ग्रुप ऑफ कंपनीज), मीना मेनन (उपसंपादक, दि हिन्दू) शामिल हैं।
मुंबई से आफताब आलम की रिपोर्ट





