प्रख्यात पत्रकार लेखक एवं साहित्यकार श्री नंदकिशोर नौटियाल की औपन्यासिक कृति 'अलकनंदा` का प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास सभागृह में एक समारोह के बीच लोकार्पण हुआ। राज्य के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक विमोचन के मौके पर मुख्य मंत्री विजय बहुगुणा ने अपने मुख्यमंत्री बनने का श्रेय 'अलकनंदा` के लेखक नौटियाल जी को दिया और अपना प्रेरणास्रोत बताया। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने अपने जीवन में लेखक की अहमियत बताते हुए कहा कि नौटियाज जी ही वह व्यक्ति हैं जिन्होंने मुज्जफरनगर कांड की पीड़ा को सुनाकर मेरे भीतर का उत्तराखंडी जगाया।
यही वजह है कि आज मैं इस राज्य का मुख्यमंत्री हूं और इसके विकास के लिए प्रयासरत हूं। 'अलकनंदा` के बारे में मुख्य मंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि इस उपन्यास का ध्येय है हर प्रवासी उत्तराखंडी को जगाना ताकि वह समय पर इस राज्य की सेवा के लिए वापस आ सके, जैसे वे आए आए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रवासी समुदाय को विश्वास दिलाते हुए कहा कि इस राज्य में सम्मानजनक जीवन जीने के अपार संसाधन हैं, बस जरूरत उन्हें तराशने भर की है जिसके लिए उन्हें प्रवासी पहाड़ियों का साथ चाहिए। लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही प्रवासी सेल का गठन करने की घोषणा की।






