यशवंतजी नमस्कार, दिसंबर में मैंने खबर24 नामक न्यूज़ चैनल, जो कि मुझे बताया गया था, में ज्वाइन किया था, पर ज्वाइनिंग के ठीक एक हफ्ते के अन्दर मुझे पता चला क़ि अभी ये चैनल नहीं सिर्फ और सिर्फ एक वेब पोर्टल है. परन्तु मीडिया में काम करने का जोश और जूनून मेरे सर पर हावी था तो सोचा क़ि चैनल ना सही तो वेब पोर्टल ही सही. पर खुशी तब हुई जब मेरी ऐसी सोच गलत निकली और पता लगा क़ि चैनल कुछ समय बाद आएगा. मैं मन लगाकर वहां काम करने लगा.
ज्वाइनिंग के 12 दिन बाद भी मुझे ज्वाइनिंग लेटर नहीं दिया गया, पर मैं इन सबसे बेफिक्र होकर काम करता रहा. कई बार मैनेजमेंट से लेटर मांगने के बाद भी सिर्फ आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला. फिर भी काम तो करना ही था. मैं जिस काम के लिए वहां एप्वाइंट किया गया था, उससे सम्बंधित काम तो दूर उस काम का नाम भी कहीं देखने को नहीं मिला. मेरे को वहां रिपोर्टिंग और एंकरिंग के लिए रखा गया था, जबकि इसके बदले मुझे वहां दूसरी साईट से खबर चोरी करके अपनी साईट पर अपडेट करना होता था.
हद तो तब हो गई जब काम करते हुए एक महीना बीत जाने के बाद भी सैलरी नहीं मिली और सेलरी क़ी मांग क़ी गई तो बताया गया क़ि कुछ दिन बाद मिलेगी. ऐसे ही कुछ दिन करते करते एक माह और व्यतीत हो गया और सैलरी के नाम पर मिला तो सिर्फ और सिर्फ धोखा। खबर24 का अकेला शिकार मैं ही नहीं मेरे जैसे बहुत से लोग हैं. मेरा यह सन्देश आप तक इसलिए है क़ि हम जैसे और मेरे अलावा कोई और दूसरा खबर24 का शिकार ना हो. अभी वहां क़ी खबर यही है कि बहुत से लोग पैसे ना मिलने क़ि वजह से नौकरी छोड़ चुके हैं और पैसे के लिए चक्कर लगा रहे हैं. मेरी तरह इस उम्मीद में क़ी शायद अपना हक़ कभी ना कभी तो मिलेगा.
मनोज वर्मा





