मुरादाबाद। भोजपुर के पीपलसाना में शुक्रवार सुबह चार बजे आल्टो कार अनियंत्रित पिकअप से टकरा गई। इसमें कार सवार तीन मीडियाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई थी। नोएडा सेक्टर तीन निवासी उज्ज्वल एक न्यूज चैनल में विज्ञापन प्रतिनिधि हैं। गुरुवार देर रात वह साथ में काम करने वाले रविंद्र और मनोज कुमार के साथ रामनगर स्थित जिम कार्बेट पार्क जाने के लिए कार से निकले थे। कार मनोज चला रहे थे जबकि उज्ज्वल आगे की सीट पर और रविंद्र पीछे सीट पर बैठे थे।
शुक्रवार सुबह तीनों भोजपुर के पीपलसाना से निकल रहे थे तभी सामने से अनियंत्रित पिकअप आ गई। कार चला रहे मनोज जब तक संभल पाते तब तक पिकअप कार से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे तीनों मीडिया कर्मियों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उज्ज्वल और मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी भोजपुर ओमकार सिंह ने बताया कि पिकअप चालक समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों घायलों के परिवार को सूचना दी गई है।






