मुरादाबाद से खबर है कि पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है. इस सेक्स रैकेट की मालकिन पिंकी नाम की एक 28 साल की महिला है. पर इसमें चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को पिंकी के पास से एक डायरी मिली है, जिसमें कुछ पत्रकार और पुलिसकर्मियों के नाम भी लिखे गए हैं. इसमें यह भी लिखा है कि किसको कितने महीने दिए जाते हैं. बताया जा रहा है कि इसके बाद से ही मुरादाबाद की पत्रकारिता जगत में हड़कम्प मचा हुआ है.
पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए पिंकी के पास से 11 लड़कियां, 9 मोबाइल फोन समेत पांच लाख रुपये से अधिक नगदी बरामद की है. पिंकी की डायरी में कुछ मीडियाकर्मियों के नाम भी लिखे हुए हैं, जिन्हें वो पैसे देती थी. इसमें 14 पत्रकारों के नाम लिखे हुए हैं. इस खुलासे के बाद मुरादाबाद के पत्रकार काफी शर्मिंदा हैं.
इस संबंध में पूछे जाने पर मुरादाबाद के एसएसपी एन चौधरी ने बताया कि डायरी में कुछ पत्रकारों के नाम लिखे हुए जरूर मिले हैं, लेकिन इसी के आधार पर किसी को आरोपी नहीं ठहराया जा सकता. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच में मामले में सत्यता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस मामले को देख रहे एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव से बात करने की भी कोशिश की गई परन्तु उन्होंने फोन नहीं उठाया.






