मेरठ में अमर उजाला को बड़ा झटका लगा है. खबर है कि अमर उजाला ग्रुप का बच्चा अखबार काम्पैक्ट आज से बंद हो गया है. अब यह अखबार आज के बाद प्रकाशित नहीं होगा. काम्पैक्ट का सर्कुलेशन लगातार गिर रहा था तथा उसे तमाम कोशिशें के बाद भी यहां पर अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही थी. बताया जा रहा है कि काम्पैक्ट का सर्कुलेशन घट कर एक हजार के आसपास पहुंच गया था. इस कारण प्रबंधन ने इस अखबार को बंद करने का निर्णय ले लिया. काम्पैक्ट में इंचार्ज चंद्र गौरव को अमर उजाला के सिटी डेस्क की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. जबकि डेस्क पर कार्यरत भूपेश उपाध्याय को पहले पन्ने पर भेज दिया गया है.
काम्पैक्ट में लगभग नौ लोग कार्यरत थे, जिनमें किसी बाहर नहीं किया है. कंपनी ने सबको समायोजित कर लिया है. खबर है कि मेरठ में अमर उजाला की स्थिति भी ठीक नहीं है. सर्कुलेशन लगातार घटता जा रहा है. बताया जा रहा है कि इसके चलते कंपनी को नुकसान हो रहा है. काम्पैक्ट बंद करके प्रबंधन ने तात्कालिक तौर पर तो इसके चलते हो रहे घाटे को कम कर लिया है, पर प्रबंधन इस स्थिति से खुश नहीं है. संपादकीय एवं मैनेजमेंट टीम अखबार को ठीक से संभाल नहीं पा रही है, जिसके चलते दूसरे प्रतिद्वंद्वी अखबार लगातार झटका देते चले जा रहे हैं. काम्पैक्ट का बंद होना भी अमर उजाला के लिए बड़े झटके की तरह है.






