: कैमरे भी तोड़े गए : मेरठ के जागृति विहार में यौन उत्पीड़न के आरोपी दुल्हे के रिश्तेदारों ने मीडियाकर्मियों पर हमला बोल दिया. मीडियाकर्मी यौन शोषण की शिकार लड़की के साथ शादी समारोह में पहुंचे थे. मीडियाकर्मियों को देखकर आरोपी दुल्हे के रिश्तेदार इतना भड़के कि पत्रकारों तथा फोटोग्राफरों पर टूट पड़े. पत्रकारों को जमकर मारा पीटा गया. कई पत्रकार हमले में घायल हुए. कुछ पत्रकारों का कैमरा तोड़ दिया गया. सूचना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची. इधर, काफी संख्या में पहुंचे मीडियाकर्मियों खुद ही अपना बदला ले लिया. दुल्हे के रिश्तेदारों को जमकर धोया.
जानकारी के अनुसार जागृति विहार में अमित नाम के लड़के की शादी की रस्में चल रही थीं. इसी बीच एक लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि अमित उसको शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा. पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद लड़की को अकेले भेज दिया. पीडि़त लड़की अपने साथ कुछ मीडियाकर्मियों को लेकर जागृति विहार पहुंच गई. लड़की के साथ मीडियाकर्मियों को देखते ही अमित के रिश्तेदार लड़की को मारने के लिए दौड़ पड़े.

मीडियाकर्मियों ने जब लड़की को बचाने के साथ कवरेज शुरू की तो अमित के रिश्तेदार मीडियाकर्मियों पर भी टूट पड़े. इस हमले में समाचार प्लस का कैमरामैन शकील और हिंदुस्तान के फोटोग्राफर विजय स्वामी घायल हो गए. कई मीडियाकर्मियों के कैमरे भी तोड़ डाले गए. इस बीच इसकी सूचना पत्रकारों ने अपने साथियों तथा पुलिस को दी. तमाम पत्रकार जागृति विहार पहुंच गए. इस दौरान भी अमित के परिजन हो हल्ला करते हुए मीडियाकर्मियों को धमकी देते रहे.
लगातार हमले से नाराज मीडियाकर्मियों ने पहली बार खुद ही अपना बदला चुकाने की कोशिश की और अमित के रिश्तेदारों को धुनना शुरू कर दिया. बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया. घायल मीडियाकर्मियों का चिकित्सालय में इलाज चल रहा है. अभी तक किसी पक्ष की तरफ से मामला दर्ज कराने की सूचना नहीं आई है.






