नई दिल्ली। तमाम सस्पेंस के बाद अब ये तय हो गया है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए गोवा नहीं जाएंगे। खुद को बीमार बताकर कल भी आडवाणी गोवा नहीं गए थे। पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भी कहा था कि उनकी तबीयत खराब है और उन्होंने आडवाणी को आराम करने के लिए कहा है। हालांकि राजनीतिक हलकों में चर्चा थी कि मोदी की ताजपोशी की संभावना से नाराज आडवाणी गोवा नहीं गए हैं।
राजनाथ ने कल कहा था कि आडवाणी शनिवार को यानी आज गोवा जाएंगे, लेकिन आडवाणी आज भी गोवा नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि आज दिन भर आडवाणी को मनाने की कोशिश की जाएगी ताकि वे रविवार को गोवा पहुंच सकें। आम तौर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन आडवाणी का समापन भाषण होता है, ऐसे में बीजेपी नेताओ की कोशिश है की आज नहीं तो कल आडवाणी ज़रूर गोवा आ जाएं।
दरअसल नरेंद्र मोदी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी के चेहरे के तौर पर पेश करने की योजना को आडवाणी खेमा असफल करने में जुट गया है। आडवाणी इसके पहले भी मोदी की राह में कई बार अड़ंगा लगा चुके हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही आडवाणी समेत उनके खेमे के कई वरिष्ठ नेता अचानक बीमार हो गए हैं। आडवाणी के अलावा उमा भारती भी बीमारी के कारण गोवा नहीं जा पाईं।
आडवाणी और उमा जैसों की इस बीमारी को मोदी की राह रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह समेत पार्टी का बड़ा वर्ग मोदी के साथ खड़ा है और उन्हें हर हालत में चुनाव अभियान समिति की कमान सौंपने के पक्ष में है। लेकिन आडवाणी खेमा ऐसा होने देना नहीं चाहता है। ऐसे में आज और कल में बीजेपी का यह विवाद और बढ़ सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होता है कि इस शीत युद्ध में मोदी खेमा जीतता है या आडवाणी खेमा।