लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आवास एवं शहरी नियोजन विभाग और सूचना विभाग के प्रमुख सचिव सदाकांत ने लखनऊ की सामाजिक कार्यकत्री और आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा पर विद्वेष की भावना से ग्रसित होकर जान बूझकर बहुत से गलत कार्य करने का आरोप लगाया है.
सदाकांत ने यह भी कहा है कि उर्वशी पर किये गए गलत कार्यों के सम्बन्ध में कार्यवाही भी प्रस्तावित है. दरअसल उर्वशी ने आइएएस सदाकांत द्वारा लेह-लद्दाख में करीब दो सौ करोड़ के सड़क निर्माण में हुए घोटाले के सम्बन्ध में सूचना मांगी थी. सदाकांत ने उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव को पत्र लिखकर उर्वशी शर्मा को कोई भी सरकारी/व्यक्तिगत सूचना न दिए जाने का अनुरोध किया है. सदाकांत ने इसी पत्र में उर्वशी पर गलत कार्य करने के आरोप भी लगाये हैं.
सदाकांत द्वारा उर्वशी पर लगाये गए गलत कार्य करने संबंधी आरोपों का प्रकाशन समाचार पत्रों में भी हुआ जिसकी जानकारी उर्वशी को परिचितों के माध्यम से होने पर उर्वशी ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग और सूचना विभाग के प्रमुख सचिव सदाकांत को अधिवक्ता के माध्यम से लीगल नोटिस भेज कर एक माह में अपने आरोपों के समर्थन में ठोस साक्ष्य उपलब्ध करने को कहा है और ऐसा नहीं होने पर दो करोड़ रुपये की मानहानि का लीगल नोटिस भी भेजा है.





