उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने फ़िरोजाबाद पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज के सम्बन्ध में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर द्वारा भेजी शिकायत पर डीजीपी, यूपी से रिपोर्ट मांगी है. 19 मार्च 2014 के आदेश द्वारा आयोग के अध्यक्ष जस्टिस तरुण चटर्जी ने डीजीपी, यूपी को आदेश की तिथि से दो माह में प्रकरण की जांच कर 30 मई तक अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराये जाने और उसके बाद रिपोर्ट सहित शिकायत आयोग के समक्ष प्रस्तुत किये जाने ने निर्देश दिए हैं.
14 जनवरी को फिरोजाबाद पुलिस ने एनएच-2 पर हुई सड़क दुर्घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करते हुए उन्हें लात-घूंसे और बूटों से मारा था. डॉ ठाकुर ने आयोग से घटना की जांच करा कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मुक़दमा दर्ज कराये जाने की मांग की थी.






